
RANCHI. रांची को राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग 2024-25 का पहला चरण आयोजित करने की मेजबानी दी गई है। मोरहाबादी स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम में 30 अप्रैल से 10 मई तक पहला चरण आयोजित होगा जिसमें हॉकी हरियाणा, हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी झारखंड, हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी बंगाल, हॉकी मिजोरम, मणिपुर हॉकी और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा की टीमें खेलेंगी। इन टीमों ने सीनियर राष्ट्रीय महिला लीग से इसके लिए प्रथम आठ टीमों के रूप में क्वालिफाई किया है। यह देश में अपने तरह की पहली घरेलू लीग होगी। रांची में होनेवाले मैचों का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, ‘‘हम राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग की शुरुआत करते हुए रोमांचित हैं, जो क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर महिला हॉकी को बढ़ावा देने के हमारे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण छलांग है। यह लीग न शीर्ष प्रतिस्पर्धा के लिए एक मंच प्रदान करेगी। बल्कि युवा लड़कियों को हॉकी के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित भी करेगी।’’
इसके अलावा, राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग राष्ट्रीय टीम के लिए एक महत्वपूर्ण स्काउटिंग प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगी, जो चयनकर्ताओं को भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभा की पहचान करने और उन्हें विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी।