HeadlinesJharkhandPoliticsRanchi

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी ऐतिहासिक निर्णय, कांग्रेस ने वर्षों तक महिला आरक्षण पर की राजनीति की – आदित्य साहू

झारखंड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा की 81 से बढ़कर लगभग 121 होने की संभावना, एसटी-एससी सहित सभी वर्गों का बढ़ेगा प्रतिनिधित्व

रांची। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परिसीमन एवं महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को केंद्रीय कैबिनेट की स्वीकृति मिलने का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक एवं दूरगामी निर्णय बताया है। उन्होंने इस बहुप्रतीक्षित मांग को मूर्त रूप देने की दिशा में ठोस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। आदित्य साहू ने कहा कि आगामी संसद सत्र में इन दोनों विधेयकों को प्रस्तुत किए जाने पर पूरे बहुमत से पास होने की पूरी उम्मीद है।

आदित्य साहू ने कहा कि देश की आबादी और भौगोलिक आवश्यकताओं में समय के साथ काफी बदलाव आया है। ऐसे में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का दायरा काफी बड़ा होने के कारण जनप्रतिनिधियों को अपने पूरे क्षेत्र का भ्रमण करने, जनता की समस्याओं को समझने और उनका समाधान कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के कारण जनप्रतिनिधियों का जनसंपर्क भी अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में परिसीमन के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण और सीटों की संख्या में बढ़ोतरी जनता तथा जनप्रतिनिधियों दोनों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधित्व को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। इसके तहत झारखंड में लोकसभा की वर्तमान 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं। वहीं विधानसभा की वर्तमान 81 सीटों में भी 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव के अनुसार इनकी संख्या लगभग 121 के आसपास पहुंच सकती है। सीटों की संख्या बढ़ने से एसटी, एससी सहित अन्य वर्गों के प्रतिनिधित्व में भी आनुपातिक रूप से वृद्धि की संभावना है। इसका सीधा लाभ झारखंड की जनता को मिलेगा और राज्य की आवाज देश की संसद तथा विधानसभा में और मजबूती से उठ सकेगी।

आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो सहित विपक्ष के कई दल परिसीमन के मुद्दे पर लगातार भ्रम और आशंकाएं फैलाते रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने राज्यों के प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखने के प्रस्ताव के साथ आगे बढ़ने की पहल की है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़ा यह निर्णय देश की वर्षों पुरानी आकांक्षा को पूरा करने तथा माताओं-बहनों को देश की राजनीतिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनका उचित अधिकार और सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं की भागीदारी केवल प्रतिनिधित्व का विषय नहीं है, बल्कि देश के लोकतंत्र को अधिक समावेशी, सशक्त और संवेदनशील बनाने का संकल्प है। देश की आधी आबादी को नीति निर्धारण और राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने का अवसर मिलना चाहिए।

आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक महिला आरक्षण के नाम पर केवल राजनीति की। महिलाओं को उनका अधिकार देने के अनेक अवसर आए, लेकिन कांग्रेस ने इस दिशा में ठोस और निर्णायक पहल नहीं की। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और स्पष्ट संकल्प के साथ महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की राजनीति केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्णय लेने और उन्हें धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता पर आधारित है। महिला आरक्षण के माध्यम से देश की माताओं-बहनों को राजनीतिक नेतृत्व, नीति निर्धारण और राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रतिभा एवं क्षमता दिखाने का व्यापक अवसर मिलेगा।

आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नारी शक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के नए युग की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को केवल नारा नहीं, बल्कि शासन और विकास की प्राथमिकता बनाया है। नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी इसी दृढ़ इच्छाशक्ति, संकल्प और विकसित भारत के विजन का प्रमाण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button