HeadlinesJharkhand

बीजेपी में संगठनात्मक फेरबदल, गजेंद्र पटेल बनें झारखंड बीजेपी के नए प्रभारी

रांची: भाजपा ने प्रभारी स्तर पर संगठनात्मक फेरबदल करते हुए गजेंद्र पटेल को झारखंड बीजेपी का प्रभारी तथा सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह को सह प्रभारी नियुक्त किया है. इसके अलावा प्रदेश भाजपा के वरीय नेता सह राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा तथा पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है.

झारखंड भाजपा के नए प्रभारी के रूप में नियुक्त गजेंद्र सिंह पटेल, मध्य प्रदेश के खरगोन से भाजपा सांसद हैं. उन्होंने छात्र जीवन से ही संगठनात्मक राजनीति में सक्रियता शुरू की और वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा में काम कर चुके हैं.

झारखंड में खुशी की लहर:

भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के इस फैसले के बाद प्रदेश भाजपा में खुशी की लहर है. झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित तमाम प्रमुख नेताओं ने नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि गजेंद्र पटेल, सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह के संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ झारखंड भाजपा को मिलेगा. इन सभी के संगठनात्मक अनुभव, कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में झारखंड भाजपा संगठन को नई ऊर्जा, गति और मजबूती प्राप्त होगी, साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा एवं राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर भी बधाई दी है. उन्होंने कहा कि अभी उत्तरप्रदेश में चुनाव भी होने हैं. ऐसे में झारखंड के इन नेताओं को बड़ी जिम्मेवारी सौंपी गई है. उन्होंने सभी के सफल एवं सार्थक कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं की है.

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया स्वागत:

बाबूलाल मरांडी ने गजेंद्र पटेल, सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि नवनियुक्त प्रभारी एवं सह प्रभारी के मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी, साथ ही उन्होंने प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को भी बधाई दी है.

झारखंड में भाजपा को मिलेगी नई ऊर्जा:

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि इन सभी के कुशल नेतृत्व एवं संगठनात्मक अनुभव से झारखंड में भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी वहीं उन्होंने प्रदीप वर्मा एवं अनंत ओझा को उत्तरप्रदेश में मिली जिम्मेदारी के लिए भी बधाई दी है. इस मौके पर पूर्व सीएम रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र कुमार राय, सहित कई नेताओं ने बधाई दी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button