HeadlinesJharkhandRanchi

रांची में भर्ती सुधार यात्रा का समापन, देवेंद्रनाथ महतो बोले – यात्रा समाप्त हुई है, आंदोलन नहीं, राज्य सरकार न्यायलय के समक्ष मजबूती के साथ रखे सबूत एवं साक्ष्य

देवेंद्रनाथ महतो ने कहा - सरकार को सीबीआई जांच की अनुशंसा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए

रांची. झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की नियुक्ति प्रक्रियाओं में व्याप्त अनियमितता, धांधली एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का आज रांची में समापन हुआ। यात्रा के 18वें दिन राजधानी में छात्रों द्वारा पदयात्रा निकाली गई। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से पदयात्रा की शुरुआत हुई। इसके बाद यात्रा रेडियम रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। यहां छात्र नेता एवं यात्रा के नेतृत्वकर्ता देवेंद्र नाथ महतो ने सभा को संबोधित किया। इस दौरान अल्बर्ट एक्का चौक पर बड़ी संख्या में छात्रों एवं आम लोगों की मौजूदगी रही, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।



इसके बाद पदयात्रा आगे बढ़ते हुए कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पहुंची, जहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यव्यापी भर्ती सुधार यात्रा का समापन किया गया। अल्बर्ट एक्का चौक पर सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि छात्रों की यात्रा संपन्न हुई है, आंदोलन नहीं। राज्य सरकार को अपने वादे के अनुरूप नियुक्ति परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से जुड़े तमाम सबूत एवं साक्ष्य मजबूती के साथ न्यायालय के समक्ष रखना चाहिए। साथ ही सरकार को सीबीआई जांच की अनुशंसा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।



उन्होंने कहा कि छात्रों ने पूरे राज्य का भ्रमण कर जनता और अभ्यर्थियों के बीच भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से उठाया है। सरकार को अब छात्रों की आवाज को गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। देवेंद्रनाथ महतो ने स्पष्ट कहा कि भर्ती सुधार यात्रा का समापन आंदोलन का अंत नहीं है। छात्रों के अधिकार, पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button