चेकिंग के दौरान स्वर्ण रेखा पुल के पास धराया बाइक चोर गिरोह, 8 शातिर अपराधी गिरफ्तार, 10 मोटरसाइकिलें बरामद
धुर्वा थाना पुलिस को वाहन जांच अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संगठित रूप से मोटरसाइकिल चोरी करने और उनकी फर्जी नंबर प्लेट बदलकर ग्रामीण इलाकों में बेचने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

रांची. धुर्वा थाना पुलिस को वाहन जांच अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संगठित रूप से मोटरसाइकिल चोरी करने और उनकी फर्जी नंबर प्लेट बदलकर ग्रामीण इलाकों में बेचने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है तथा उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इस कार्रवाई से रांची एवं इसके सीमावर्ती जिलों में हुई दर्जनों वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया सुराग
25 अगस्त को दोपहर लगभग 2:30 बजे धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो-धुर्वा मार्ग पर स्थित स्वर्ण रेखा नदी पुल के पास पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन व्यक्ति चेकिंग पॉइंट को देखते ही गाड़ी मोड़कर वापस सिठियो की तरफ भागने का प्रयास करने लगे। मुस्तैद पुलिस बल के सहयोग से तीनों को खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ और वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच करने पर पता चला कि दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। कड़ाई से पूछताछ करने पर पकड़े गए व्यक्तियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित बाइक चोर गिरोह चलाते हैं। यह गिरोह विभिन्न साप्ताहिक हाट-बाजारों से मोटरसाइकिलें चुराता था और उनके नंबर प्लेट बदलकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देता था।
विशेष टीम का गठन और बड़ी बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए धुर्वा थाना में कांड दर्ज किया गया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) नीरज कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें (जैसे SP Shine, Apache, Hero Honda Deluxe, Super Splendor, Passion Pro, Yamaha R-15 आदि) बरामद कीं और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल 5 अन्य अपराधियों को भी धर दबोचा।

कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण एवं आपराधिक इतिहास
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आठों अभियुक्तों की पहचान भरत बैठा (उम्र 26 वर्ष, रांची), सुनील करमाली (उम्र 25 वर्ष, चतरा), रोहित उरांव (उम्र 22 वर्ष, लातेहार), रोहित कुमार मुंडा (उम्र 28 वर्ष, रांची), प्रदीप उरांव (चतरा), संजय गंझु (उम्र 22 वर्ष, लातेहार), सरजू मुंडा (लातेहार), सुमित उरांव (उम्र 29 वर्ष, टंडवा)
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस सफल अभियान में हटिया डीएसपी नीरज कुमार झा के अलावा धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, जगन्नाथपुर, टाटीसिल्वे, मैक्लुस्कीगंज और विधानसभा थाना के थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक गगन ठाकुर, लव कुमार, हीरालाल साह, बिनोद कुमार साह तथा सहायक अवर निरीक्षक बलेंद्र कुमार, मनोज कुमार महतो, शंकर मंडल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।



