HeadlinesJharkhandPoliticsRanchi

SIR को लेकर पलामू और गढ़वा में झामुमो का कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित, महासचिव विनोद पांडेय ने कहा- एक भी वैध मतदाता मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए

पलामू: झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा मंगलवार को पलामू के चंद्रा रेजिडेंस और गढ़वा शहर स्थित शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर टाउन हॉल में बूथ स्तरीय सम्मेलन सह बी.एल.ए.-2 प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के महासचिव विनोद पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में श्री पाण्डेय ने पार्टी कार्यकर्ताओं, विशेषकर बी.एल.ए.-2 सदस्यों से पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक भी वैध मतदाता मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। यह सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झामुमो के कार्यकर्ता हमेशा जमीनी स्तर पर लोगों के बीच रहकर कार्य करते हैं और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं भी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। ऐसे में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल रहे और किसी भी योग्य मतदाता का नाम न कटे, इसके लिए सभी बी.एल.ए.-2 को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करना होगा। प्रशिक्षण शिविर के दौरान श्री विनोद पाण्डेय ने बी.एल.ए.-2 सदस्यों को मतदाता सूची पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा संगठनात्मक दायित्वों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया। इस कार्यक्रम में झामुमो के कार्यकर्ताओं ने महासचिव विनोद पाण्डेय जी का स्वागत भव्य तरीके से किया। साथ ही, विनोद पाण्डेय जी की बातों को सुनकर सभी कार्यकर्ता प्रभावित हुए और उन्होंने पूरे लगन के साथ एस.आई.आर. के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे, इसका संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। सभी कार्यकर्ताओं से नियमित रूप से अपने-अपने बूथ क्षेत्र का भ्रमण करने और मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की गई। प्रशिक्षण शिविर में मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी भी विस्तार से दी गई। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन करने तथा नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में संगठनात्मक अनुशासन, समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का संदेश भी दिया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने विश्वास दिलाया कि वे पार्टी के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा प्रत्येक बूथ पर झामुमो को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा, केंद्रीय समिति सदस्य सह उपाध्यक्ष सन्नू सिद्दीकी, चंदन सिन्हा, सुशीला मिश्रा, सलोनी टोप्पो, हाजी ललन, जुगल चंद्रवंशी, सचिव रंजन चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बी.एल.ए.-2 सदस्य इस प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button