रांची में 27 जून को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पूर्ण अवकाश, मगर स्कूल में पूर्व निर्धारित परीक्षा है, तो क्या करना होगा, अभी जान लीजिये..
जिला प्रशासन द्वारा सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से सहयोग बनाए रखने तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मोहर्रम पर्व संपन्न कराने की अपील की गई है।

रांची. मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून (शनिवार) को रांची जिले के अधिकांश क्षेत्रों में ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस के कारण विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रभावित होने और इससे स्कूली बच्चों की आवाजाही में संभावित असुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन ने 27 जून को रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में को पूर्ण अवकाश की घोषणा की है। हालांकि, जिन विद्यालयों में पूर्व निर्धारित परीक्षा आयोजित की जानी है, अत्यंत आवश्यक हो तभी वे जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), रांची को पूर्व सूचना देकर परीक्षा का आयोजन कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से सहयोग बनाए रखने तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मोहर्रम पर्व संपन्न कराने की अपील की गई है।



