
रांची. राज्य में जल्द ही हेमंत सोरेन सरकार गरीबो को एलपीजी गैस की कीमतों में बड़ी राहत दे सकती है। इस संबंध में वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि राज्य सरकार वित्तीय प्रबंधन कर 31 लाख गरीब परिवारों को 970 रुपये के बजाय 770 रुपये में घरेलु गैस उपलब्ध करा सकती है, जिससे इन परिवारों को आर्थिक बोझ का सामना ना करना पड़े। दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के गरीबो पर एलपीजी गैस के बढ़ते कीमतों के प्रभाव पर चिंतित है और उनके ही निर्देशानुसार अब वित्त विभाग ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सुझावों के साथ पत्र भेजा है। पत्र में एलपीजी गैस के मूल्यों में 200 रुपये की सब्सिडी प्रदान किये जाने का सुझाव दिया गया है जिसपर राज्य सरकार गंभीरता पूर्वक विचार कर रही है। इस सब्सिडी का मुख्य उद्देश्य लगातार बढ़ती रसोई गैस की कीमतों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत पहुंचाना है। संभावना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जल्द ही इस संबंध में बड़ा फैसला ले सकते है।



