HeadlinesJharkhandRanchi

26 जून को मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता को लेकर राज्यस्तरीय मैराथन का आयोजन, तैयारी को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक

रांची: राज्य सरकार की निर्देश के आलोक में मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान के तहत आगामी 26 जून 2026 को रांची में राज्यस्तरीय मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन के सफल आयोजन एवं आवश्यक तैयारियों की समीक्षा को लेकर रांची जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मैराथन के आयोजन से संबंधित सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रांची जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति समाज, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न कराया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि मैराथन मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से प्रारंभ होगी तथा एसएसपी चौक, रेडियम रोड, कचहरी चौक, फिरायालाल चौक, मेन रोड होते हुए सैनिक बाजार प्रागण में संपन्न होगी। सुबह 06ः00 से पंजीकरण की शुरुआत होगी।

रांची जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने निर्धारित मार्ग पर यातायात प्रबंधन एवं डायवर्जन प्लान तैयार कर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिये। साथ ही मार्ग में आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक बोर्ड एवं सूचना पट्ट लगाने का भी निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया।

सिविल सर्जन को प्रतिभागियों के लिए चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का निर्देश भी रांची जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से तैयारियां ससमय पूर्ण करें।

रांची जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button