HeadlinesJharkhandRanchi

21 मार्च तक राँची समेत कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि, 22 से मौसम साफ होने के आसार

रांची: राज्य के मौसम में मंगलवार देर रात बड़ा बदलाव देखने को मिला। राजधानी रांची के साथ-साथ गुमला, लोहरदगा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई।

देर शाम करीब आठ बजे के बाद रांची में मौसम अचानक बदला और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मोरहाबादी, कांके रोड, कांके, नामकुम और इटकी इलाके में ओले भी गिरे। खराब मौसम को देखते हुए राजधानी के कई इलाकों में रात 10:15 बजे के बाद एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।

तापमान में गिरावट, लोगों को गर्मी से राहत:

मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची में न्यूनतम तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे रात में हल्की ठंड महसूस की गई। खूंटी में सबसे कम 16.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के कई जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। दो दिन पहले तक जहां तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच रहा था, वहीं अब यह 34 से 36 डिग्री के बीच बना हुआ है।

ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान:

बारिश और ओलावृष्टि का असर किसानों पर भारी पड़ा है। गुमला जिले के भरनो प्रखंड में करीब 45 मिनट तक तेज बारिश और ओले गिरने से सैकड़ों एकड़ में लगी सब्जियों और गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। लोहरदगा में आंधी के कारण हुटाप के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे लोहरदगा-किस्को मुख्य मार्ग बाधित हो गया।

धनबाद और आसपास के इलाकों में भी ओलावृष्टि से नुकसान की खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में पूर्वी सिंहभूम में 37.2 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम में 9.6 मिमी, रांची में 4.8 मिमी और धनबाद में 4.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सिमडेगा और रामगढ़ में हल्की बारिश हुई।

21 मार्च तक 11 जिलों के लिए अलर्ट:

मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 21 मार्च तक रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, खूंटी, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, गोड्डा और पाकुड़ समेत कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद तेज हवा, हल्की बारिश व वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।

इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 18 मार्च को बारिश की संभावना कम है, लेकिन वज्रपात का खतरा रहेगा। 22 मार्च से मौसम साफ होने और तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी के आसार हैं। फिलहाल लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button