HeadlinesJharkhandRanchi

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम पहुंचेंगी रांची, महामहिम की सुरक्षा में 14 आईपीएस, 75 डीएसपी सहित तीन हजार जवान तैनात, ट्रैफिक में बदलाव

राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान रांची, जमशेदपुर और गुमला में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जनजातीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी।

रांची. भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंच रही हैं। उनके आगमन को लेकर राज्य प्रशासन और झारखंड पुलिस द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान रांची, जमशेदपुर और गुमला में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जनजातीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम 6 बजे विशेष विमान से रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पहुंचेंगी। हवाई अड्डे पर स्वागत एवं गार्ड ऑफ ऑनर के बाद वे शाम करीब 6.30 बजे लोकभवन पहुंचेंगी। लोकभवन में रात्रि भोज के बाद राष्ट्रपति रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर रांची एयरपोर्ट से लोकभवन तक के मार्ग, हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, हरमू चौक, सहजानंद चौक एवं किशोरगंज चौक पर व्यापक बैरिकेडिंग की गई है तथा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लोकभवन को विशेष रूप से सजाया-संवारा गया है।

29 दिसंबर की सुबह करीब 9.30 बजे राष्ट्रपति लोकभवन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से सीधे जमशेदपुर के लिए प्रस्थान करेंगी। सोनारी एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद वे सड़क मार्ग से करनडीह स्थित दिशोम जाहेर स्थान पहुंचेंगी, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी।

दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रपति जमशेदपुर के सर्किट हाउस जाएंगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे वे एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। विद्यार्थियों को उपाधि एवं सम्मान प्रदान करने के बाद राष्ट्रपति विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम के समापन के बाद शाम करीब 4.30 बजे वे रांची लौटेंगी और लोकभवन जाएंगी।

30 दिसंबर को राष्ट्रपति सुबह करीब पौने दस बजे लोकभवन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वे छत्तीसगढ़ के जसपुर के लिए उड़ान भरेंगी। जसपुर से सड़क मार्ग द्वारा करीब 20–25 किलोमीटर की दूरी तय कर वे गुमला जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत माझाटोली स्थित पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक पहुंचेंगी। यहां वे स्वर्गीय कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी और अंतर्राज्यीय जनसंस्कृति समागम ‘कार्तिक जतरा’ में भाग लेंगी। दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रपति समारोह को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति जसपुर से उड़ान भरकर दोपहर करीब 2.45 बजे रांची पहुंचेंगी और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

राष्ट्रपति के तीन दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर झारखंड पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 14 आईपीएस अधिकारी, 75 डीएसपी एवं लगभग 3000 जवानों की तैनाती की गई है। झारखंड पुलिस के आईजी (अभियान) सह पुलिस प्रवक्ता डॉ. माइकल राज ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए संबंधित जिलों में विशेष अलर्ट जारी किया गया है। आईजी रांची मनोज कौशिक द्वारा रांची में सुरक्षा में तैनात जवानों को विशेष ब्रीफिंग दी गई। राष्ट्रपति के कारकेड का रिहर्सल भी किया गया है। काफिले के मार्ग में पड़ने वाली ऊंची इमारतों पर स्नाइपर्स की तैनाती की गई है।

रांची में नो फ्लाइंग जोन घोषित

राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर रांची में सुरक्षा कारणों से एक विशेष क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक होते हुए लोकभवन के 200 मीटर की परिधि में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग एवं हॉट एयर बैलून जैसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button