
झारखंड की आज की सभी बड़ी सुर्खियां नीचे देखे..
- चक्रवात मोथा का असर
रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में चक्रवात मोथा का आज से व्यापक असर दिखेगा। आज सिमडेगा, गुमला, पश्चिमी सिंघभूम, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, रांची, साहिबगंज, गोड्डा और दुमका में दिनभर बारिश होगी। मोथा के असर से दक्षिणी ओडिशा के कई जिलों में भूस्खलन और संपत्तियों का नुक्सान हुआ है। तट से टकराने के बाद मोथा गंभीर चक्रवाती तूफ़ान में बदल गया है। झारखंड में 1 नवंबर से मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।
- भाजपा का कोल्हान बंद आज
चाईबासा में हुए भाजपा कार्यकर्ताओ और पुलिस के बीच झड़प के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी ने कोल्हान बंद का आह्वान किया है। बंद में सरायकेला खरसांवा, पश्चिम सिंघभूम और पूर्वी सिंघभूम जिला शामिल है। बंद सुबह छह से शाम छह बजे तक होगा। बंद से आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया है। बता दे कि भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न मांगो को लेकर मंत्री दीपक बिरुवा का आवास घेरने पहुंचे थे, जहाँ पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया था।
- झारखंड में नहीं होगा SIR, निकाय चुनाव का रास्ता साफ़
चुनाव आयोग ने देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण का ऐलान कर दिया है। इसमें झारखंड शामिल नहीं है। फिलहाल SIR देश के 12 राज्यों में होगा। दूसरा चरण सात फरवरी, 2026 तक पूरा किया जाना है। झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण के नहीं होने से निकाय चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। दिसंबर तक निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने की संभावना है।
- झारखंड को चार नए मेडिकल कॉलेज की सौगात
केंद्र सरकार ने झारखंड में चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने की मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रांची समेत चार मेडिकल कॉलेज के लिए स्वीकृति दी गई है। सरकार की ओर से स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रांची, चाईबासा, हजारीबाग और गिरिडीह में मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।
- जासूसी मामले में जमशेदपुर का आदिल गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने गुप्तचर संयंत्रों की जासूसी के केस में झारखंड के जमशेदपुर निवासी आदिल परवेज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के तार पाकिस्तान के गुप्तचर एजेंसी आईएसआई से जुड़े हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी आदिल परवेज जासूसी कर रहा था।पुलिस की मानें तो आरोपी युवक ने अपने मोबाइल फोन से भारत के विभिन्न एटमी संयंत्रों, बंदरगाहों, रक्षा प्रतिष्ठानों, रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और भारतीय नौसेना की गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को भेजी थी।
- स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगी झारखंड की बेटी शिल्पा राव
झारखंड स्थापना दिवस समारोह का इस बार खास आकर्षण बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव होंगी। राज्य सरकार ने शिल्पा राव को आमंत्रित किया है। बताया गया है कि झारखंड स्थापना दिवस 15 व 16 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा। उनके साथ कई स्थानीय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। शिल्पा राव 15-16 नवंबर को अपनी प्रस्तुति देंगी। शिल्पा जमशेदपुर में पली-बढ़ीं और बॉलीवुड में टॉप सिंगर्स में शामिल हैं। शिल्पा ने बॉलीवुड की कई फिल्मों में अपनी आवाज दी है। राज्य सरकार ने उनके नाम पर सहमति जता दी है।



