
रांची. झारखडं में मॉनसून की बारिश ने बेबसी बढ़ा दी है। आय दिन हो रही भारी बारिश ने निचले इलाको के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। हर कोई जानना चाहता है कि इस आफत भरी बारिश से कबतक राहत मिलेगी। अब मौसम विभाग ने मॉनसून की वापसी की तारिख का अनुमान लगा लिया है। अनुमान है कि 10 अक्टूबर तक मॉनसून झारखंड से चला जाएगा। हालांकि इससे पहले राज्य में कहीं कहीं मूसलाधार तो कहीं हलकी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज भी उत्तरी और मध्यवर्ती जिलों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची में सुबह से ही बादल छाए हुए है, और कहीं कहीं हलकी बारिश भी हुई है। कल देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में भारी बारिश हो सकती है। 6 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इस बार ठंड का अहसास अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से ही होने लगेगा।



