HeadlinesJharkhandRanchi

साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ लाइन का असर, झारखंड के इन जिलों में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, तेज आंधी के साथ वज्रपात की भी चेतावनी

रांची: झारखंड में एक बार बारिश का कहर देखने को मिल सकता हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र के मुताबिक, राज्य के विभिन्न हिस्सों में 12 जुलाई से 15 जुलाई तक कई स्थानों पर हल्के से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 11 जुलाई को भी उत्तर-पश्चिमी, मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों में आंशिक स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई।

जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 13 जुलाई को अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दिन पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी, गुमला और पूर्वी सिंहभूम जिलों में तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

14 को रांची सहित 9 जिलों में बारिश:

14 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, चतरा, पलामू और गढ़वा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, 15 जुलाई को राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, साथ ही हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है। मौसम विभाग ने 16 और 17 जुलाई के लिए भी अनुमान जताया है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की प्रबल संभावना है।

इधर, पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम ने करवट ली है। कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ रेखा की वजह से बारिश की गतिविधियां जारी रहने वाली हैं।

हजारीबाग में हुई 93.6 मिमी बारिश:

बारिश की बात करें तो हजारीबाग में सर्वाधिक 93.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नारायणपुर में 75 मिमी, जामताड़ा में 74.8 मिमी, तेनुघाट में 74.6 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा भी कई जिलों जैसे कोडरमा, लोहरदगा, गिरिडीह आदि में भी हल्के से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।

राजधानी रांची के तापमान की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।

सूबे में सामान्य से 69% अधिक बारिश:

1 जून से 11 जुलाई तक के बारिश के आंकड़े बता रहे हैं कि राज्य में सामान्य वर्षा 296.4 मिमी के मुकाबले वास्तविक वर्षा 499.6 मिमी हुई है। यह सामान्य से 69% अधिक है। साहेबगंज (770.8 मिमी), गिरिडीह (720.3 मिमी) और पाकुड़ (665.9 मिमी) में सबसे अधिक वर्षा हुई। वहीं, कोडरमा (-37%), गुमला (-24%) और चतरा (-15%) में बारिश सामान्य से कम रही। कुल मिलाकर राज्य में अधिकांश जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, लेकिन कुछ जिलों में सूखे की स्थिति बनी रह सकती है।

28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा पारा:

12 जुलाई को अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा जैसे दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री तक रह सकता है।

वहीं, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग जैसे मध्यवर्ती जिलों में यह 28-29 डिग्री तक सीमित रहेगा। न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम कुल मिलाकर सामान्य और उमस भरा रह सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button