पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के ठिकानों पर ईडी की दबिश, अंबा की करीबी आरकेटीसी ट्रांसपोर्टिंग कंपनी में कथित गड़बड़ी के मामले में ईडी की रांची से बड़कागांव तक आठ ठिकानों पर छापेमारी
अंबा के निजी सहायक संजीत साव के किशोरगंज आनंद नगर स्थित आवास में सुबह से ही जारी है छापेमारी, 2024 में भी अंबा के आवास में ईडी ने की थी छापेमारी।

रांची. बड़कागांव से कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के आठ ठिकानों पर आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दबिश दी है। पूरा मामला अंबा प्रसाद के करीबी आरकेटीसी ट्रांसपोर्टिंग कंपनी में कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। सुबह पांच बजे से ही अंबा के रांची स्थित ठिकानों से लेकर हजारीबाग के बड़कागांव तक छापेमारी चल रही है। इस छापेमारी से सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। छापेमारी में ईडी को कुछ प्रमुख दस्तावेज भी हाथ लगे है।

अंबा के निजी सहायक संजीत साव के किशोरगंज आनंद नगर स्थित आवास में सुबह से ही जारी है छापेमारी
रांची में अंबा के निजी सहायक रहे संजीत साव के किशोरगंज स्थित आवास में भी छापेमारी हो रही है। संजीत अपने आवास में ही है। ईडी की टीम संजीत और उनके करीबी रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। हज़ारीबाग में पंचम कुमार, मनोज दांगी और मंटू सोनू के आवास पर भी यह छापेमारी चल रही है।

अंबा प्रसाद के हज़ारीबाग बड़कागांव स्थित आवास पर भी जारी है छापेमारी

2024 में अंबा प्रसाद को इसी मामले में समन भी जारी किया गया था। तब अपना पक्ष रखने के लिए अंबा प्रसाद ईडी के दफ्तर भी पहुंची थी।



