
रांची. प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे है। वर्तमान में रांची से प्रयागराज के लिए लोग निजी वाहनों, बस और ट्रेन का सहारा ले रहे है। मगर प्रयागराज के महाकुंभ में स्नान करने की आप सोच रहे है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। रांची से 17 फरवरी से प्रयागराज के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइन्स ने 17 फरवरी से प्रयागराज के लिए डायरेक्ट विमान सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। इंडिगो को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया की सहमति भी मिल गयी है। रांची से इंडिगो की 180 सीटर विमान श्रद्धालुओं को प्रयागराज ले जायेगी। हफ्ते में दो दिन यह सेवा लोगो को मिलेगी। सप्ताह के बुधवार और शुक्रवार के दिन प्रयागराज से रांची और रांची से प्रयागराज के लिए विमान उड़ान भरेगा। प्रयागराज से उड़ान भरने का शिड्यूल सुबह 10.20 बजे होगा। यह फ्लाइट सुबह 11.30 बजे रांची पहुंचेगी। फिर रांची से दिन के 12 बजे उड़ान भरकर दोपहर 1.10 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचेगी।