
रांची. झारखंड में 23 अक्टूबर से भयानक चक्रवात ‘डाना’ कहर ढाने वाली है। डाना वह चक्रवात है जो बंगाल की खाड़ी में बीते दो दिनों से बने लो प्रेशर एरिया की वजह से भयंकर चक्रवात में तब्दील हो गया है। इसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग की ओर से इसे लेकर आम लोगों से अलर्ट रहने की अपील की गई है। वहीं यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि झारखंड पर इसके प्रभाव की बात करें तो राज्य के पूर्वी हिस्से में मेघ गर्जन और वज्रपात देखने को मिल सकता है। 23 की शाम से ही राज्य में बादल छाने लगेंगे। इसके साथ ही बारिश भी हो सकती है। इसी तरह 24 अक्टूबर को कोल्हान के कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिलेगी।
वहीं मध्य इलाके में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रतिघंटे हो सकती है। 25 अक्टूबर को इसका दायरा बढ़ेगा। पूरे दक्षिण इलाके के साथ-साथ मध्य हिस्से में भी भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के शेष हिस्से में हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है।
— Mausam Kendra, Ranchi (@mc_ranchi) October 22, 2024
चक्रवात ‘डाना’ के बारे जानिए:
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के मौसम में 23 अक्टूबर से तब्दीली आने वाली है। इस बदलाव की वजह यह है कि अंडमान से सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बीते दो दिनों से बना हुआ है। वह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह चक्रवात में बदलने वाला है।
23 अक्टूबर को यह चक्रवात का रूप ले रहा है। चक्रवात बनने पर इसका नाम डाना होगा। डाना नाम कतर ने दिया है। जिसका अर्थ होता है खूबसूरत अनमोल मोती। 24 अक्टूबर की रात यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता हुआ उत्तरी ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल से हो कर गुजरेगा। इस दौरान इसकी रफ्तार 100-110 किमी प्रति घंटे होगी।
26 अक्टूबर से मौसम हो जाएगा साफ:
मौसम केंद्र रांची की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक 26 अक्टूबर से फिर मौसम साफ रहने वाला है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक रहने वाला है। वहीं ठंड की बात करें तो इसका असर अचानक से बढ़ सकता है। सुबह-शाम ठंड का एहसास होगा।