राम मंदिर के पंडाल निर्माण पर पशोपेश, कार्य रोकने का आदेश: दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण रोकने के आदेश पर गर्मायी सियासत, भाजपा नेताओ ने किया पंडाल स्थल का दौरा
केंद्रीय मंत्री सह सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जयसवाल ने आज संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया।

Ranchi. रांची में पुराना विधानसभा परिसर में बन रहे राम मंदिर के प्रतीकात्मक पंडाल पर पशोपेश अब भी कायम है। दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण पर रोक के जिला प्रशासन के आदेश पर अब राजनीति गरमा गयी है।
भारतीय जनता पार्टी के नेताओ ने पूरे मामले में अब राज्य सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। बीजेपी नेताओ ने आज पंडाल निर्माण स्थल का दौरा किया और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।
केंद्रीय मंत्री सह सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जयसवाल ने आज संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि झामुमो, कांग्रेस की सरकार की नीति को देख लग नहीं रहा है कि हम झारखंड में हैं। ऐसा लग रहा जैसे हम इस्लामी शासन वाले राज्य में हैं। इन्हें याद रखना चाहिए कि दुर्गापूजा पंडाल का निर्माण रोकना, इस सरकार के लिए हितकारी नहीं होगा। इन्हें तालिबानी जिद्द छोड़कर पूजा में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुराना विधानसभा मैदान, रांची में सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी दुर्गापूजा पंडाल बनाने से रोका जा रहा है। यह वही सरकार है, जिसने राम मंदिर का आमंत्रण ठुकराया था। आज झामुमो, कांग्रेस को पूजा पंडाल के रूप में श्रीराम मंदिर का प्रतीकात्मक स्वरूप बनवाने पर भी आपत्ति हो रही है।