
रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव बीजेपी और आजसू साथ मिलकर लड़ेगी। सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने इसकी घोषणा की।
दिल्ली में सुदेश महतो और अमित शाह के बीच बैठक हुई। बैठक में साथ चुनाव लड़ने पर सहमति बनी। हालांकि, आजसू कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह क्लियर नहीं किया गया है।
साल 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों के बीच सहमति बनी, लेकिन चुनाव से पहले आजसू ने अपना रास्ता अलग कर लिया था। इसका खामियाजा दोनों ही पार्टियों को उठाना पड़ा था। बीजेपी 28 सीटों पर अटक गई थी, वहीं आजसू को दो सीटें हाथ लगी थी।
कुर्मी वोटर साधने की तैयारी:
झारखंड में कुर्मी वोटर निर्णायक भूमिका में होते हैं। इसलिए सभी पार्टियां कुर्मी पर फोकस कर रही हैं। कांग्रेस ने केशव महतो कमलेश को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वहीं, जेएमएम की पहले से ही कुर्मी वोट पर अच्छी पकड़ है। इस स्थिति में बीजेपी ने आजसू के साथ चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
आप बता दें कि झारखंड में आने वाले कुछ महीनों में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां गोलबंदी में जुट गई है। वहीं, जेएमएम नेता चंपाई सोरेन भी अगले कुछ दिनों में अपने नए राजनीतिक कदम का खुलासा करने वाले हैं। चर्चा है कि चंपाई अपनी नई पार्टी बना सकते हैं।