
नयी दिल्ली. देश के चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। नतीजों के बाद देश के कुल 28 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में से 16 में अब बीजेपी+ की सरकार होगी। इनमें 12 राज्यों में बीजेपी अकेले अपने दम पर सत्ता में रहेगी। कांग्रेस महज 3 राज्यों तक सिमट गई है। गठबंधन के साथ कांग्रेस कुल 5 राज्यों की सत्ता में बची है।
फिलहाल देश में 30 विधानसभाएं हैं। इनमें 2 केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली और पुडुचेरी भी हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नतीजों के बाद अब 16 प्रदेशों की सत्ता में बीजेपी आ जाएगी। यहां देश की करीब 52% आबादी रहती है। इनमें अपने बूते 12 प्रदेशों में और बाकी 4 प्रदेशों में गठबंधन साथियों के साथ। इनमें से कोई भी दक्षिण भारत का राज्य नहीं है।
बीजेपी के अकेले अपने दम पर सरकार बनाने वाले राज्यों में उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, गोवा, असम, त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ शामिल हैं। गठबंधन वाले राज्यों में महाराष्ट्र, मेघालय, नगालैंड और सिक्किम हैं।
कांग्रेस अपने दम पर सिर्फ 3 राज्यों में सत्ता में है। ये तीन राज्य है कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश। इसके अलावा बिहार और झारखंड की सत्ता के गठबंधन में कांग्रेस शामिल है। दक्षिण और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों को छोड़कर पूरे भारत में कमोबेश भगवा रंग ही दिखाई दे रहा है।