HeadlinesJharkhandRanchi

रांची से पटना और हावड़ा के बाद अब रांची से बनारस के बीच तीसरी वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी

नयी दिल्ली: रांची से पटना और हावड़ा के बीच सुपरफास्ट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के ऐलान के बाद अब रांची से बनारस के बीच तीसरे वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी की जा रही है. रेल मंत्रालय रांची से बनारस को जोड़ने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है. मौजूदा समय में रांची से वाराणसी जाने के लिए लगभग 11 घंटे का समय लग जाता है. रांची से बनारस के लिए कोई सीधी रेल सेवा ना होने के कारण, यात्रियों को लंबा रुट तय कर बनारस जाना पड़ता है. इस थका देने वाली यात्रा में रेल यात्रियों का समय भी बर्बाद होता है.

वंदे भारत के लिए रांची-बनारस के बीच का रुट:

रांची से बनारस के बीच दो ऐसे रुट तय किये गए है, जिनपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन किया जा सकता है. एक रुट की लंबाई 539 किलोमीटर है, तो वहीं दूसरे रुट की लंबाई 575 किलोमीटर है. सूत्रों के अनुसार, रांची-बनारस वंदे भारत ट्रेन को गया होते हुए चलाया जा सकता है, क्योंकि यह रुट ना केवल छोटा है, बल्कि इस रुट पर यात्रियों की संख्या भी अच्छी-खासी है. गया होते हुए रांची-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने से रांची शहर दो प्रमुख तीर्थ के साथ सीधे जुड़ जायेगा. नयी दिल्ली से बनारस के बीच चलने वाले वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्री रांची-बनारस के बीच चलने वाली ट्रेन के जरिये गया और रांची शहर तक आ सकेंगे. रांची से बनारस के बीच गया होते हुए चलने वाली ट्रेन लगभग 539 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.

रांची-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के पड़ाव:

सूत्रों के अनुसार, रांची से बनारस के बीच चलने वाली तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन बोकारो स्टील सिटी, नेताजी सुभाष चंद्रबोस जंक्शन, हजारीबाग रोड, कोडरमा जंक्शन, गया जंक्शन और सासाराम जंक्शन में रुकेगी. रांची से बनारस के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. चूंकि, रांची से बनारस के बीच रेलवे ट्रैक की स्थिति काफी अच्छी है, इसीलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रेन की स्पीड 130 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा भी जा सकती है.

रांची-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस का समय:

मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो रांची से बनारस के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन लगभग 6 घंटे में दोनों शहरों के बीच का सफर तय कर लेगी. बनारस से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 5:50 बजे खुलेगी और रांची दोपहर 12:10 में पहुंचाएगी. वहीं, रांची से यही ट्रेन दोपहर 1:30 बजे खुलेगी और शाम 7:50 बजे बनारस पहुंचा देगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button