झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मुख्य अतिथि होंगी महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, तैयारी शुरू
द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार झारखंड आ रही है. इससे पहले झारखंड की राज्यपाल रहने के दौरान द्रौपदी मुर्मू लगातार इस कार्यक्रम में शिरकत करती रही है. सीएम हेमंत सोरेन के विशेष आग्रह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड आने का न्योता स्वीकार कर लिया है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड स्थापना दिवस सह धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बनने जा रही है. झारखंड से गहरा रिश्ता रखने वाली द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार झारखंड आ रही है. इससे पहले झारखंड की राज्यपाल रहने के दौरान द्रौपदी मुर्मू लगातार इस कार्यक्रम में शिरकत करती रही है. सीएम हेमंत सोरेन के विशेष आग्रह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड आने का न्योता स्वीकार कर लिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति भवन को चिट्ठी लिखकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राज्य स्थापना दिवस सह भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची आने का आमंत्रण दिया था. जिसे आज राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया. खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी. राष्ट्रपति के आगमन की सूचना मिलते ही सरकार और जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है.
जोहार, माननीय @rashtrapatibhvn आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर निमंत्रण स्वीकार करने के लिए आपका अनेक-अनेक धन्यवाद, आभार।
वीर शहीदों की धरती पर आपका हार्दिक स्वागत है।— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 2, 2022