
रांची: संसद में पेश होने वाले संभावित परिसीमन विधेयक को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है. इस मुद्दे पर पार्टी की रणनीति तय करने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पार्टी के सांसदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक समाप्त होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि झामुमो इस विधेयक पर फिलहाल ‘वेट एंड वॉच’ की नीति अपना रहा है और बिना गहन अध्ययन के समर्थन या विरोध पर कोई जल्दबाजी नहीं करेगा.
राज्य में आदिवासियों की सीट नहीं घटनी चाहिए- नलिन सोरेन
बैठक के बाद झामुमो के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद नलिन सोरेन ने आदिवासी हितों को सर्वोपरि बताते हुए अपनी चिंता जाहिर की. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि परिसीमन की किसी भी प्रक्रिया में झारखंड के अंदर आदिवासी (ST) आरक्षित सीटों की संख्या किसी भी कीमत पर घटनी नहीं चाहिए. पार्टी के इस बयान से साफ है कि झामुमो का समर्थन या विरोध पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि इस बिल से राज्य के आदिवासियों और मूलवासियों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर क्या असर पड़ता है.
सदन में सार्थक बहस और राज्य हित हमारी प्राथमिकता- बैद्यनाथ राम
वहीं, बैठक में शामिल नेता बैद्यनाथ राम ने कहा कि झामुमो संसद के भीतर इस संवेदनशील मुद्दे पर एक सार्थक और गंभीर बहस चाहता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी के लिए झारखंड का हित सबसे ऊपर है और सदन में राज्य की जनता की भावनाओं व अधिकारों की मजबूती से रक्षा की जाएगी.
समर्थन या विरोध, क्या है झामुमो की असली रणनीति?
बैठक में नेताओं के बयानों से यह साफ संकेत मिलता है कि झामुमो अभी परिसीमन विधेयक के पक्ष या विपक्ष में खुलकर खड़ा नहीं हुआ है. पार्टी की रणनीति दो मुख्य बिंदुओं पर टिकी है पहला, विशेषज्ञों की राय लेकर बिल के कानूनी दांव-पेंच को समझना और दूसरा, यह सुनिश्चित करना कि परिसीमन से झारखंड में आदिवासी सीटों का नुकसान न हो. जब तक इन शंकाओं का समाधान नहीं होता, तब तक झामुमो अपने पत्ते नहीं खोलेगा.



