माफिया से मसीहा बना कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह, लातेहार में गरीब बच्चो की पढ़ाई और गरीब बेटियों की शादी का खर्च उठाएगा गैंगस्टर, सोशल मीडिया पर जारी किया नंबर
अब कोई भी बच्चा शिक्षक के अभाव में पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा. अगर सरकारी स्कूलों में शिक्षक की कमी है तो उसका इंतजाम मैं करूंगा - राहुल सिंह

रांची. कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह अब माफिया जगत से ध्यान हटाकर लोगो का मसीहा बनना चाहता है। राहुल सिंह अब समाजसेवा में आगे आने की तैयारी में है। इसके लिए गैंगस्टर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। लोगो के दिलो में दहशत बन चुका राहुल सिंह अब गरीब बच्चो की शिक्षा में मदद करके उन्ही दिलो में जगह बनाने की कोशिश कर रहा है।
राहुल ने अपने फेसबुक अकाउंट में लिखा “जब लातेहार अलग जिला बना था तब लोगों को उम्मीद थी कि अब विकास तेज होगा, गांवों तक सड़क पहुंचेगी, अस्पतालों में डॉक्टर होंगे और स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षक मिलेंगे। लेकिन 25 साल बाद भी कई जगह सच्चाई कड़वी है. आज भी जिले के कई सरकारी स्कूल शिक्षक के बिना चल रहे हैं, बच्चे स्कूल तो जाते हैं लेकिन पढ़ाने वाला कोई नहीं होता, कहीं एक शिक्षक पूरे स्कूल को संभाल रहा है तो कहीं सालों से पद खाली पड़े हैं। यह हालत देखकर मन दुखी होता है और यह सवाल उठता है कि आखिर 25 साल बाद भी शिक्षा जैसी बुनियादी चीज क्यों अधूरी है।
इसलिए मैं राहुल सिंह आज लातेहार की जनता से एक वादा करता हूं कि अब कोई भी बच्चा शिक्षक के अभाव में पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा. अगर सरकारी स्कूलों में शिक्षक की कमी है तो उसका इंतजाम मैं करूंगा, उसका खर्च मैं उठाऊंगा। लातेहार के जितने भी पढ़े-लिखे युवा हैं वे मुझसे संपर्क करें, मैं उन्हें बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी दूंगा और उन्हें शिक्षक के रूप में खड़ा करूंगा, ताकि बच्चों को शिक्षा मिले और युवाओं को सम्मानजनक काम। इसके साथ ही अगर किसी बहन की शादी सिर्फ पैसों की कमी की वजह से रुक रही है तो उसकी जिम्मेदारी भी मैं उठाऊंगा। लातेहार का कोई भी भाई-बहन परेशानी में रहेगा तो राहुल सिंह चुप नहीं बैठेगा।
मैं हर जरूरतमंद के साथ खड़ा हूं। लातेहार मेरा परिवार है और इस जिले के हर बच्चे का भविष्य उज्जवल बनाना मेरी जिम्मेदारी है, जो भी जरूरतमंद है वह मुझसे संपर्क करे, मैं हमेशा लातेहार के लोगों के साथ खड़ा हूं।



