HeadlinesJharkhandRanchi

सावधान! बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, कल से तीन दिनों तक झारखंड के इन जिलों में दिखेगा बारिश का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रांची: झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब राज्य के मौसम पर साफ दिखने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन गुरुवार और शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर, दुमका समेत कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और उमस में भी राहत मिलेगी।

गुरुवार-शुक्रवार को भारी बारिश का अनुमान:

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के कारण नमी वाली हवाएं राज्य की ओर तेजी से बढ़ रही हैं। इसका असर गुरुवार से दिखने लगेगा और राज्य के पूर्वी, उत्तरी और मध्य भागों में भारी बारिश हो सकती है। खासकर पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, रामगढ़, खूंटी, गुमला, लातेहार, चतरा और पलामू में जलजमाव जैसी स्थिति बनने की संभावना है।

जून से अब तक 640.8 मिमी बारिश:

राज्य में 1 जून 2025 से लेकर अब तक 640.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य औसत बारिश 403.4 मिमी होती है। यानी अब तक 59% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। सबसे ज्यादा वर्षा रांची जिले में 1043.8 मिमी, तो पूर्वी सिंहभूम में 860.5 मिमी दर्ज की गई। वहीं, गढ़वा और पलामू जैसे जिलों में अब भी औसत से कम बारिश हुई है।

अलनीनो का असर कमजोर पड़ा

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार अलनीनो प्रभाव कमजोर पड़ा है, जिससे मानसून अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। बंगाल की खाड़ी में लगातार सक्रिय हो रहे सिस्टम झारखंड में बारिश की स्थिति मजबूत बनाए हुए हैं।

बात रांची सहित आसपास के इलाकों के मौसम की करें तो आज और कल आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 से 24 डिग्री रहने की संभावना है।

23 और 24 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 25 जुलाई से बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button