मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के तपोवन से आस्था, संस्कृति और दिव्यता के संगम की रखी नींव, 100 करोड़ की लागत से बनने वाले भव्य राम मंदिर का किया शिलान्यास, बोले – सनातनियो की आस्था को मिले मजबूती
यह मंदिर रांची की भव्य सांस्कृतिक विरासत की पहचान तो बनेगा ही, साथ ही यहां के पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची के ऐतिहासिक तपोवन मंदिर की धरती से आस्था, संस्कृति और दिव्यता के संगम का शिलान्यास किया। सीएम ने 100 करोड़ की लागत से बनने वाले भव्य श्री राम मंदिर की आधारशिला रखी। 14000 वर्ग फुट में बनने वाले इस भव्य मंदिर की ऊंचाई 62 फीट होगी। मंदिर परिसर में 13 भव्य शिखर होंगे और इसमें 117 पवित्र शिलायें होंगी। मंदिर का निर्माण राजस्थान के विश्वप्रसिद्ध मकराना संगमरमर से किया जाएगा। आने वाले तीन वर्षो में मंदिर का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
आज रांची स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर के नवनिर्माण के शुभ अवसर पर आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुआ। आने वाले समय मे भव्य बनेगा श्री राम जानकी तपोवन मंदिर। आज इस अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। pic.twitter.com/zU6C6gs6zf
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) April 14, 2025
यह मंदिर रांची की भव्य सांस्कृतिक विरासत की पहचान तो बनेगा ही, साथ ही यहां के पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। अयोध्या के श्री राम मंदिर के वास्तुकार आशीष सोमपुरा ही तपोवन श्री राम मंदिर की वास्तुकला को भी देख रहे है। मंदिर के आसपास 15 करोड़ की लागत से उद्यान बनेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पिछले साल मंदिर निर्माण के लिए यहां भूमि पूजन कराया गया था।
सनातनियो की आस्था को मजबूती मिले, झारखंड में सुख समृद्धि हो – सीएम हेमंत सोरेन
मंदिर की आधारशिला रखने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि तपोवन मंदिर 400 साल पुराना है। यह राजधानी की पहचान भी है। तपोवन की पावन धरती पर आज राम मंदिर की आधारशिला रखी गयी है। यह जल्द से जल्द पूरा हो। सनातनियो की आस्था को मजबूती मिले और भक्ति और बढे। उन्होंने भगवान श्री राम से झारखंड के लिए सुख समृद्धि की काम की।
ऐतिहासिक है रांची का तपोवन मंदिर: रांची के ओवरब्रिज के पास स्थित तपोवन मंदिर ना केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यह कई सौ सालो का इतिहास भी खुद में समेटे है। शहर में निकलने वाले रामनवमी शोभायात्राओं का कारवां भी श्री राम जी के पावन चरणों में यही आकर समाप्त होता है। रामनवमी के त्यौहार के दौरान इस मंदिर और इसके परिसर की शोभा सबका मन मोह लेती है। इस मंदिर की विशेषताओं को सुनकर दूर दूर से भक्त भक्ति से सराबोर होकर यहां आते है। मंदिर में श्री राम, माता सीता, भाई लक्ष्मण और वीर हनुमान के साथ विराजमान है।
तपोवन में बनने वाले भव्य श्री राम मंदिर की प्रतीकात्मक प्रारूप