
रांची: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘दाना’ का असर झारखंड में दिखने लगा है। ओडिशा और बंगाल से सटे जिलों में बुधवार रात से ही बादल छाए हुए हैं। कहीं-कहीं बारिश भी हुई है। हवा की गति सामान्य से तेज है। मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड में गुरुवार रात से इसका खासा असर देखने को मिल सकता है।
दाना चक्रवात के उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने और 24 अक्टूबर की मध्य रात्रि से 25 अक्टूबर, 2024 की सुबह तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में भितरकनिका और धामरा (ओडिशा) के करीब पुरी और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल तटों को 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ पार करने की प्रबल संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद के मुताबिक गुरूवार की रात से झारखंड के दक्षिण, पश्चिम, पूर्वी एवं मध्य भाग में भारी बारिश के साथ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की सम्भावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।
वहीं, शुक्रवार को रांची, बोकारो, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने का भी अनुमान है। इन जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गयी है। शनिवार को राज्य के दक्षिण-पश्चिम भाग में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ तेज हवाओं के चलने का अनुमान है। रविवार से मौसम के साफ होने का अनुमान लगाया गया है।
26 अक्टूबर को चक्रवात होगा कमजोर:
26 अक्टूबर को चक्रवात कमजोर हो जाएगा। इसके बाद भी पश्चिमी सिंहभूम, गुमला और सिमडेगा में बारिश होने की संभावना बनी है। 27 को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 28 से मौसम साफ हो जाएगा। इसके बाद से ठंड में अचानक से बढ़ोत्तरी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
तापमान में आएगी गिरावट:
मौसम विभाग के अनुसार, निर्धारित मौसम के अनुसार पूरे राज्य में अच्छी खासी बारिश हो सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। हवा की रफ्तार भी 60 किमी तक रहने वाली है। इन सब वजहों से अधिकतम तापमान में भी चार से पांच डिग्री गिरावट संभव है। यानी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई अधिक फर्क नहीं रह जाएग। जल्द ही दोपहर में भी लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगेगा।