
रांची. रामगढ़ से कांग्रेस विधायक ममता देवी का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपने विधानसभा क्षेत्र के साडम गांव में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं के तीखे सवालों से घिरती नजर आ रही हैं। गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुरू हुआ संवाद देखते ही देखते तीखी बहस और नोकझोंक में बदल गया।
विवाद की मुख्य वजह: साडम गांव पहुंची विधायक ममता देवी के सामने स्थानीय युवा अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। युवाओं का आरोप था कि जिस सड़क का शिलान्यास या निर्माण कार्य कराया जा रहा है, उसकी वास्तविक जरूरत उस रास्ते पर नहीं है। युवाओं ने स्पष्ट कहा कि जहां आवाजाही न के बराबर है या जिस सड़क की उपयोगिता कम है, वहां काम हो रहा है, जबकि मुख्य और जरूरत वाले रास्तों की अनदेखी की जा रही है। इसके अलावा, स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को भी रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विधायक और युवाओं के बीच तीखी बातचीत: जब युवाओं ने अपनी नाराजगी और शिकायत आक्रामक अंदाज में सामने रखी, तो विधायक ममता देवी का पारा चढ़ गया। वीडियो में विधायक युवाओं से कहती सुनाई देती हैं कि “एग्रेसिव होकर बात मत करो, नॉर्मल होकर बात करो। चढ़ करके बात करोगे?” इस पर युवाओं ने प्रतिवाद करते हुए कहा कि वे सामान्य तरीके से ही अपनी बात रख रहे हैं।
विवाद के दौरान विधायक ने युवाओं को अपने घर आकर बातचीत करने की सलाह दी, जिस पर युवाओं ने दो टूक कहा कि उन्हें घर आने की कोई आवश्यकता नहीं है, जो भी बात करनी है वह यहीं जनता के बीच होगी। हंगामे और गहमागहमी के बीच स्थिति को संभालते हुए विधायक ममता देवी ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि वे सभी शिकायत करने वाले युवाओं के नाम और उनकी समस्याओं का पूरा विवरण नोट करें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।



