
रांची. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री के. रवि कुमार ने राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एवं अदर कैटेगरी के मामलों की सुनवाई, निष्पादन एवं उनका ECINET पर अपडेशन की जिला एवं विधानसभावार स्थिति साझा की है। 04 नवंबर 2026 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार तीनों श्रेणियों में 56-चक्रधरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र (अनुसूचित जनजाति) में सबसे पहले शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने हेतु उत्कृष्ट प्रदर्शन की विशेष सराहना करते हुए संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ एवं पूरी निर्वाचन टीम को बधाई दी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों की सराहना करते हुए अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
नो मैपिंग श्रेणी में राज्य की स्थिति एवं जिलों का प्रदर्शन
राज्य में कुल 14,04,033 नो मैपिंग मामलों में से 6,08,618 मामलों कुल 43.35 प्रतिशत का निष्पादन उपरांत ECINET पर अपडेशन किया जा चुका है। इस श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों में पश्चिमी सिंहभूम 96.16 प्रतिशत, लोहरदगा 80.04 प्रतिशत, देवघर 75.25 प्रतिशत, रामगढ़ 63.19 प्रतिशत तथा गुमला 61.01 प्रतिशत है। वहीं अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों में गिरिडीह 19.52 प्रतिशत, साहिबगंज 21.03 प्रतिशत, पलामू 25.25 प्रतिशत, पाकुड़ 28.86 प्रतिशत तथा रांची 29.03 प्रतिशत शामिल हैं।
लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी श्रेणी में राज्य की स्थिति एवं जिलों का प्रदर्शन
राज्य में कुल 45,49,961 लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी मामलों में से 30,61,159 मामलों कुल 67.28 प्रतिशत का निष्पादन एवं ECINET पर अपडेशन का कार्य किया जा चुका है। इस श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों में पश्चिमी सिंहभूम 99.72 प्रतिशत, लोहरदगा 99.08 प्रतिशत, गुमला 92.15 प्रतिशत, रामगढ़ 86.74 प्रतिशत तथा सिमडेगा 85.87 प्रतिशत है। वहीं अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों में पाकुड़ 45.88 प्रतिशत, साहिबगंज 48.57 प्रतिशत, पलामू 49.55 प्रतिशत, रांची 52.02 प्रतिशत तथा गढ़वा 54.63 प्रतिशत शामिल हैं।
अदर कैटेगरी में राज्य की स्थिति एवं जिलों का प्रदर्शन
राज्य में कुल 1,61,65,853 अदर कैटेगरी के मामलों में से 1,58,27,411 मामलों कुल 97.91 प्रतिशत का निष्पादन एवं ECINET पर अपडेशन का कार्य किया जा चुका है। इस श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों में लोहरदगा 100 प्रतिशत, पश्चिमी सिंहभूम 99.93 प्रतिशत, देवघर 99.91 प्रतिशत, चतरा 99.85 प्रतिशत तथा खूंटी 99.79 प्रतिशत है। इस श्रेणी में सभी जिलों में कार्य लगभग समापन की स्थिति पर है, इसे जल्द से जल्द शत प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए सुनवाई एवं निष्पादन कार्यों में तेजी लाएं। जिन जिलों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर है, वे विशेष कार्ययोजना बनाकर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर के अंतर्गत सुनवाई एवं निष्पादन के साथ-साथ अन्य सभी महत्वपूर्ण कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरी गंभीरता, तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ पूरा किया जाए, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समावेशी बनाया जा सके। साथ ही साथ प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित करें एवं यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी अपात्र अथवा विदेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल न हो सके।



