
रांची. नामकुम थाना पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाने वाले एक बेहद शातिर और संगठित चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने गिरोह के सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल और चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वेलर को गिरफ्तार किया है। घटना 27 मई 2026 की है, जब नामकुम थाना क्षेत्र के केतारी बगान स्थित दीपक कुमार उर्फ पिंटू के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कीमती घड़ी और 30 हजार रुपये नकद उड़ा लिए थे। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मु०) प्रथम अमर कुमार पाण्डेय कर रहे थे। अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शेख अफरोज को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार (देसी पिस्तौल और गोलियां) भी बरामद हुए।
ज्वेलरी शॉप से हुआ अवैध धंधे का खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी अफरोज ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अपने 6-7 सहयोगियों के साथ मिलकर बंद घरों में चोरी करता है। चोरी किए गए जेवरात को वह लोवाडीह स्थित ‘महारानी ज्वेलर्स’ के मालिक कृष्णा कुमार को औने-पौने दाम पर बेच देता था। ज्वेलरी दुकानदार इन गहनों को गलाकर नया रूप दे देता था ताकि चोरी का पता न चल सके। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की निशानदेही पर ‘महारानी ज्वेलर्स’ पर छापा मारा, जहाँ से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी बरामद किया गया। दुकानदार कृष्णा कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
‘पुटीलाल’ का लंबा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल एक अभ्यासिक अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह रांची के सदर, लोअर बाजार, नामकुम और रेल थाना क्षेत्रों में चोरी और लूटपाट के 15 से अधिक कांडों में शामिल रहा है। वह पूर्व में भी कई बार जेल की हवा खा चुका है।
पुलिस के अनुसार, यह एक बड़े सिंडिकेट की तरह काम कर रहे थे। फिलहाल, गैंग में शामिल अन्य 6-7 सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। साथ ही, ज्वेलर कृष्णा कुमार के अन्य संदिग्ध संबंधों की भी जांच की जा रही है।



