
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच से सराबोर होने वाला है। बीसीसीआई के आगामी घरेलू सत्र के तहत रांची को दो बड़े मैचों की मेजबानी मिली है। इसमें वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला टी-20 मुकाबला और ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाला टेस्ट मैच शामिल है। पहला मैच 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। इसके बाद, 19 से 23 फरवरी 2027 तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक टेस्ट मैच का आयोजन भी रांची में किया जाएगा। जेएससीए अधिकारियों ने इन आयोजनों की पुष्टि की है। रांची की पिच को आमतौर पर स्पिनरों के लिए मददगार माना जाता है, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। इन दोनों मुकाबलों की घोषणा के बाद पूरे झारखंड में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। JSCA स्टेडियम पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों का सफल आयोजन कर चुका है और एक बार फिर रांची क्रिकेट के रंग में रंगने को तैयार है।



