तीसरा बच्चा पैदा करने पर सरकार देगी 25000 रूपये, जनसख्या नियंत्रण कानून की मांग के बीच बच्चा पैदा करने वाली योजना से देशभर में तहलका, जानिये पूरी खबर

अमरावती: आंध्र प्रदेश में अब राज्य सरकार 2 या 3 बच्चे पैदा करने वाले दंपती को 25,000 रूपए की नकद प्रोत्साहन राशि देगी। इसके अलावा, तीसरे बच्चे को पांच साल तक हर महीने 1,000 रुपये दिए जाएंगे और 18 साल की उम्र तक मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही माता को 12 महीने और पिता को 2 महीने का मातृत्व-पितृत्व अवकाश भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में गिरती जन्म दर को रोकने के लिए ‘पॉपुलेशन मैनेजमेंट पॉलिसी’ की घोषणा की है। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जनसंख्या वृद्धि को ‘वरदान’ बताते हुए कहा कि सरकार इसे प्राथमिकता देकर बढ़ावा देगी।
सीएम नायडू ने चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में औसतन प्रजनन दर (टीएफआर) घटकर 1.5 ही रह गई है, जो जनसंख्या संतुलन के लिए आवश्यक 2.1 से बहुत नीचे है। इसमें सुधार के लिए ‘पॉपुलेशन मैनेजमेंट पॉलिसी’ की घोषणा की गई है। नायडू ने इसे ‘गेम चेंजर’ योजना बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य भविष्य में युवाओं की कमी को दूर करना और बुज़ुर्गों की बढ़ती आबादी के आर्थिक बोझ को संतुलित करना है।
स्थानीय निकाय चुनाव में प्राथमिकता:
गठबंधन सरकार ने पहले ही उन लोगों को स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने का अवसर दिया है जिनके दो से अधिक बच्चे हैं. इसके अलावा, ‘तल्लीकी वंदनम’ योजना के तहत बच्चों की संख्या की सीमा हटाकर वित्तीय सहायता दी जा रही है।
नीतिगत यू-टर्न:
2004 से पूर्व नायडू ने ही 2 से ज़्यादा बच्चों वालों को चुनाव लडऩे से रोकने का कानून बनाया था। अब सरकार उस कानून को बदलने की तैयारी में है ताकि ज़्यादा बच्चों वाले लोग भी स्थानीय निकाय चुनाव लड़ सकें। यह नायडू का नीतिगत यू-टर्न है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दक्षिण भारत की जनसंख्या इसी तरह कम होती रही तो भविष्य में संसद में राज्यों का प्रतिनिधित्व भी कम हो सकता है।



