मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, कल सार्वजनिक अवकाश, अपने वार्ड के वोटर लिस्ट में अपना नाम जांचने से लेकर नगर निकाय चुनाव की सभी महत्वपूर्ण जानकारी आपके लिए
राज्य के 48 नगरपालिकाओं में कल 43,43,295 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमे 22,07,203 पुरुष और 21,26,227 महिला मतदाता है। 144 ट्रांसजेंडर मतदाता है।

रांची. राज्य के 48 नगरपालिकाओं में कल 43,43,295 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमे 22,07,203 पुरुष और 21,26,227 महिला मतदाता है। 144 ट्रांसजेंडर मतदाता है। राज्य में कुल 9 नगर निगमों, 20 नगर परिषदो, 19 नगर पंचायतो में वोट डाले जाएंगे। राज्य में मतदान के लिए कुल 4,307 मतदान केंद्र बनाये गए है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। नगर निकाय चुनाव के लिए बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा। झारखंड में इस बार 562 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे है। आपको बता दे कि बैलेट पेपर से मतदान के कारण इस बार वोटरों को ‘NOTA’ का विकल्प नहीं मिलेगा। रांची नगर निगम क्षेत्र की बात करे तो शहर के 53 वार्डो में 909 मतदान केंद्र बनाये गए है। सभी नगर निगमों में सर्वाधिक मतदाता राजधानी में ही वोट डालेंगे। रांची में मतदाताओं की कुल संख्या 10,27,791 है, इनमे 5,18,762 पुरुष और 5,08,973 महिला मतदाता शामिल है। रांची में 56 ट्रांसजेंडर मतदाता भी है।

कल सार्वजनिक अवकाश
मतदान को देखते हुए 23 फरवरी को राज्य सरकार ने नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। सभी नगर निकाय क्षेत्रों में सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक कार्यालय कल बंद रहेंगे। ऐसे लोग जो नगर निकाय क्षेत्र के निवासी है, और शहर के बाहर काम करने जाते है, उन्हें भी कल अवकाश दिया जाएगा।
पोलिंग पार्टियां रवाना, सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम
मतदान की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए आज पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गयी। वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों ने डिस्पैच सेंटर पहुंचकर संपूर्ण व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। निर्वाचन सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता काउंटर तथा नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी पोलिंग पार्टियों को बैलट बॉक्स, मतपत्र, सील, प्रपत्र, निर्वाचन रजिस्टर, पहचान पत्र सूची सहित सभी सामग्री सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई गयी है। पोलिंग पार्टियों को निर्देश दिया गया है कि मतदान केंद्र पहुंचते ही वे सामग्री का पुनः सत्यापन करें तथा किसी भी कमी/त्रुटि की सूचना तत्काल सेक्टर पदाधिकारी को दें। जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पेयजल, शौचालय, विद्युत, रैम्प सहित मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि मतदाता निर्भीक एवं सुगम वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
अपना वोटर लिस्ट में नाम, मतदान केंद्र (बूथ लोकेशन) और एपिक नंबर (वोटर आईडी) की जांच करने की ऑनलाइन सुविधा
मतदाता अपना वोटर लिस्ट में नाम, मतदान केंद्र (बूथ लोकेशन) और एपिक नंबर (वोटर आईडी) की जांच कर सकते है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से चले और हर मतदाता बिना किसी परेशानी के अपना वोट डाल सके, आधिकारिक वेबसाइट http://ranchi.nic.in पर सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई है। मतदाता सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट “http://ranchi.nic.in” पर जाएं। होमपेज पर ‘MUNICIPAL ELECTION RANCHI 2026’ सेक्शन में क्लिक करें। यहां ‘VOTER LIST RANCHI 2026’ या ‘Voter List BUNDU’ का विकल्प उपलब्ध होगा। वेबसाइट पर वार्ड नंबर के अनुसार बूथ लिस्ट डाउनलोड या देखने की सुविधा है। मतदाता अपना वार्ड नंबर चुनें (उदाहरण: वार्ड 1 से वार्ड 53 तक, रांची नगर निगम के अनुसार)। प्रत्येक वार्ड की लिस्ट में बूथ नंबर, लोकेशन (जैसे स्कूल, सामुदायिक केंद्र आदि) और मैप लिंक उपलब्ध है। इससे मतदाता आसानी से अपने मतदान केंद्र तक पहुंच सकेंगे। मतदाता को अपने वार्ड सेक्शन में जाकर सर्च टूल का उपयोग करना होगा। यहां एपिक नंबर दर्ज करके सर्च किया जा सकता है यदि नाम सूची में है, तो एपिक नंबर (EPIC Number) दिखाई देगा। एपिक नंबर एक 10-अंकीय अल्फान्यूमेरिक कोड है, जो वोटर आईडी कार्ड पर अंकित होता है।



