
रांची: बंगाल की खाड़ी में बना मोंथा तूफान का असर रांची समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से अगले 24 घंटे के दौरान खत्म होने की संभावना है। केवल संथाल के जिलों में आज हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में शनिवार से मौसम शुष्क रहेगा और उत्तर-पश्चिमी हवाओं का रूख होगा। इससे अगले 24 घंटे के बाद रात के दौरान ठंड बढ़ेगी। रात के न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री तक की कमी आ सकती है। वहीं, सुबह के दौरान धुंध छाए रहेंगे और ठंड का अनुभव होगा। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान शुक्रवार की सुबह कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ से झारखंड के पलामू और आसपास से होकर बिहार के पूर्वी भाग में कायम है। यह नॉर्थ-ईस्ट राज्यों की ओर जा रहा है। इससे शनिवार को संथाल परगना के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी में बना मोंथा तूफान अब कमजोर हो चुका है। संथाल को छोड़ आज रांची समेत राज्य के अधिकांश भागों का मौसम साफ है।
अगले चार दिनों में तापमान में भारी गिरावट संभव:
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तीन दिनों में यह 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान अगले चार दिनों में 3 से 6 डिग्री तक गिरने की संभावना है। तूफान के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर घट गया है।



