
Ranchi. रांची के बुंडू थाना क्षेत्र के बुंडू टोल प्लाज़ा के निकट गोसाइडीह के पास पिक अप वाहन पलटने से चार लोगो की घटना स्थल पर मौत हो गयी। जबकि अन्य 23 लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। 15 घायलों को रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया है, अन्य घायलों का इलाज बुंडू के सदर अस्पताल में हो रहा है। सभी लोग अड़की प्रखंड के गिरितबेते गांव से ताऊ मैदान, बुंडू में आयोजित आदिवासी जनाक्रोश महारैली में भाग लेने जा रहे थे। तभी बुंडू टोल प्लाजा के पास बस को ओवरटेक करने के दौरान पिक अप वाहन का टायर फट गया। जिसे तेज रफ्तार वाहन खेत में पलट गयी। उक्त महारैली कुड़मी कुरमी समाज को आदिवासी सूची में शामिल करने की मांग के खिलाफ आहूत की गयी थी।
मच गयी अफरा तफरी, चीख पुकार: स्थानीय चश्मदीदों ने बताया कि वाहन पलटने के बाद घटना स्थल पर चीख पुकार मच गयी। कुछ देर के लिए सभी सन्न हो गए। घटनास्थल पर जिधर देखो घायल अवस्था में लोग जमीन पर पड़े थे। कोई चीख रहा था, तो किसी की चीख भी मौन हो चुकी थी। बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश, एसडीएम किस्तों बेसरा और थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने राहत और बचाव का कार्य शुरू किया, तबतक चार लोगो की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।
तेज रफ्तार में थी पिक अप: वाहन में सवार घायलों ने बताया कि पिक अप वाहन चालक वाहन को तेज रफ्तार में बढ़ा रहा था। वह कई जगहों पर ओवर टेक कर रहा था। अंततः बुंडू टोल प्लाजा के पास पिक अप का टायर फट गया और वाहन पलट गया। वाहन को टक्कर मारने वाली बस फरार हो गयी।



