
रांची. झारखंड में आफत बनकर बरस रहे बादलों से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने राज्य में 21 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही कई जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से तेज हवाएं भी चलने का अनुमान जताया गया है। गरज के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि दक्षिणी पश्चिमी मानसून अब पूर्व की ओर बढ़ रहा है। अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार में समुद्री तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर केंद्रित है। इसका असर भी झारखंड में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने बताया की पिछले 24 घंटे में पलामू प्रमंडल के उंटारी रोड में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गयी है। यहाँ सर्वाधिक 85.2 मिलीमीटर बारिश हुई है।



