
रांची: झारखंड, बंगाल और ओडिशा में कुड़मी समाज ने आदिवासी सूची में शामिल करने की मांग को लेकर 20 सितंबर से रेल टेका आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। सूत्रों के अनुसार तीनों राज्यों में लगभग 100 रेलवे स्टेशनों पर यह आंदोलन होगा। कुड़मी समाज के रेल टेका आंदोलन के मद्देनजर झारखंड पुलिस और रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संभावित संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मुरी, गोमो, नीमडीह, घाघरा, चांडिल, हंसडीहा, छोटा गम्हरिया, डुमरी, गंजिया बराज, चंद्रपुरा, सोनुआ और पारसनाथ जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों और इलाकों पर प्रदर्शनकारियों द्वारा रेल रोकने की आशंका है। इन सभी जगहों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे।
आदिवासी कुड़मी समाज के मुख्य संरक्षक अजीत प्रसाद महतो ने कहा कि यह आंदोलन ऐतिहासिक होगा। पुलिस प्रशासन ने रेल रोको आंदोलन को लेकर पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है और सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस को सूचना मिली है कि बंगाल, ओडिशा और झारखंड में इस आंदोलन की व्यापक रूप से घोषणा की गई है, इसलिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर लिए हैं।



