21 सितंबर को लगेगा साल 2025 का आखिरी सूर्यग्रहण, इन देशों में दिन में हो जाएगी रात, जानिये ग्रहण के दौरान किन बातों का रखें विशेष ध्यान

नयी दिल्ली: सूर्य ग्रहण का समय पूरे विश्व के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। 21 सितंबर को साल 2025 का अंतिम सूर्य ग्रहण लगने वाला है। यह आंशिक सूर्य ग्रहण है, जिसका मतलब है कि चंद्रमा सूर्य के केवल कुछ हिस्से को ढकेगा। आइये जानते है ये सूर्यग्रहण कहां-कहां दिखाई देगा और सूर्यग्रहण के दौरान किन बातों का विशेष ध्यान देना चाहिए?
कब है साल का आखिरी सूर्य ग्रहण?
ज्योतिष गणना के अनुसार, साल का अंतिम सूर्य ग्रहण 21 सितंबर को लगेगा। यह ग्रहण भारत में बिल्कुल नहीं दिखाई देगा। सूर्य ग्रहण देर रात 10 बजकर 59 मिनट पर शुरू होगा। वहीं, इसका समापन ब्रह्म मुहूर्त में 03 बजकर 23 मिनट पर होगा। दक्षिणी गोलार्ध में सूर्यग्रहण स्पष्ट दिखाई देगा। न्यूजीलैंड, पूर्वी ऑस्ट्रेलिया, दक्षिणी प्रशांत के कई देशों में सूर्यग्रहण देखा जा सकता है। अंटार्कटिका में सूर्यग्रहण सबसे बड़ा दिखाई देगा।
सूतक काल और धार्मिक मान्यताएं:
यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूतक तभी माना जाता है, जब ग्रहण हमारे क्षेत्र में दिखाई देता है। इस वजह से भारत में इस दौरान मंदिरों के कपाट बंद नहीं होंगे और सभी तरह के धार्मिक कार्य सामान्य रूप से चलते रहेंगे।
ग्रहण के दौरान इन बातों का रखें ध्यान:
- नकारात्मक ऊर्जा से बचें – ज्योतिष के अनुसार, ग्रहण के समय नकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ जाता है। ऐसे में मानसिक शांति बनाए रखने के लिए वैदिक मंत्रों का जाप करना चाहिए।
- खाने-पीने का परहेज – भले ही सूतक काल न लगे, लेकिन कई लोग ग्रहण के समय भोजन और पानी से परहेज करते हैं
- गर्भवती महिलाएं – गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्हें ग्रहण के समय घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है।
- धार्मिक काम – ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान करके और पूजा-पाठ करके ही कोई काम शुरू करना चाहिए।
- सूर्य पूजन – ग्रहण के दौरान “ॐ ह्रां ह्रीं ह्रौं स: सूर्याय नमः” मंत्र का जाप किया जा सकता है।



