रांची में चार नए फ्लाईओवर को राज्य सरकार ने दी मंजूरी, तीन साल में बनकर होगा तैयार होगा फ्लाईओवर, इन जगहों पर मिलेगी जाम से राहत
राज्य सरकार ने रांची में स्वर्णरेखा और हरमू नदी के दोनों ओर वन-वे फोरलेन फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। पथ निर्माण विभाग ने इसका प्रारूप जारी किया है।

रांची. राज्य सरकार ने रांची में स्वर्णरेखा और हरमू नदी के दोनों ओर वन-वे फोरलेन फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। पथ निर्माण विभाग ने इसका प्रारूप जारी किया है। यह फ्लाईओवर हरमू रोड स्थित कार्तिक उरांव चौक से एलपीएन शाहदेव चौक, हरमू मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू होटल तक हरमू नदी के दोनों किनारों पर, करमटोली से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर, हिनू ढलान से स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर जगन्नाथपुर मंदिर तक प्रस्तावित है।
हरमू फ्लाईओवर का डीपीआर तैयार है। जल्द ही इसका टेंडर जारी होगा। बता दें कि विभागीय मंत्री (वर्तमान में सीएम हेमंत सोरेन) के निर्देश पर परामर्शी एजेंसी और पथ निर्माण विभाग के फील्ड सर्वे डिवीजन एडवांस प्लानिंग सीडीओ ने योजनाओं का खाका तैयार कर लिया है।
मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू के दोनों किनारों पर वन-वे फ्लाईओवर
कडरू एवं अशोक नगर के ट्रैफिक को दबाव मुक्त करने के लिए हरमू मुक्तिधाम से हरमू नदी के दोनों किनारों पर 2.2 किमी का एलिवेटेड अप-डाउन वन वे फ्लाईओवर बनेगा। नदी किनारे सौंदर्यीकरण और रोशनी की व्यवस्था रहेगी।
अरगोड़ा से कटहल मोड़ होकर चापूटोली फ्लाईओवर
अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापूटोली तक 1.75 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसकी चौड़ाई 10 मीटर रखी जाएगी। पहले से नीचे जा रही सड़क को भी सात मीटर चौड़ा किया जाएगा। इससे इस मार्ग पर दोहरी सुविधा मिलेगी। सड़क के दोनों ओर ड्रेनेज यूटिलिटी डक्ट रहेगा। नीचे की सड़क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
तीन किमी का होगा हरमू फ्लाईओवर
यह फ्लाईओवर कार्तिक उरांव चौक से एलपीएन शाहदेव चौक तक कुल 3 किमी का होगा। यह एक साइड से कार्तिक उरांव चौक से शुरू होगा और विशाल मेगामार्ट तक जाएगा। सहजानंद चौक से रातू रोड जाने वाले इस फ्लाईओवर से विशाल मेगा मार्ट के पास रैंप से उतरकर नीचे की सड़क से जा सकेंगे। फ्लाईओवर के नीचे बिजली, टेलीफोन के तार एवं केबल सभी अंडरग्राउंड रहेंगे। योजना में यूटिलिटी डक्ट, ड्रेन, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण शामिल है। दोनों ओर फ्लाईओवर की चौड़ाई 8.50 एवं 8.50 मीटर होगी। एलपीएन शाहदेव चौक से भी दोनों ओर से चढ़ने की सुविधा रहेगी।
करमटोली से साइंस सिटी फ्लाईओवर, आगे रिंग रोड तक फोरलेन होगा
करमटोली चौक से मोरहाबादी होते हुए साइंस सिटी तक 2.2 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके लिए खाका तैयार कर लिया गया है। फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे सड़क दोनों की चौड़ाई 10-10 मीटर होगी। साइंस सिटी के आगे रिंग रोड तक फोर लेन सड़क बनेगा। इसकी लंबाई पांच किलोमीटर से अधिक है।