प्रशासन का मुखिया प्रचार में व्यस्त, संकट और हिंसा के बीच मणिपुर के डीजीपी की झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में व्यस्तता पर उठे सवाल
'द विद्रोही' की रिपोर्ट के मुताबिक रांची में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव में राजनीति के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारियों की भी बड़े पैमाने पर एंट्री हो रही है।

रांची. झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में मणिपुर के डीजीपी राजीव सिंह के दखल से सवाल उठने लगे है। ‘द विद्रोही’ की रिपोर्ट के मुताबिक रांची में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव में राजनीति के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारियों की भी बड़े पैमाने पर एंट्री हो रही है। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा मणिपुर के पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह के एंट्री की है। वे मणिपुर को छोड़कर फिलहाल झारखंड में क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव प्रचार में दिलचस्पी ले रहे हैं और रांची स्थित एक गेस्ट हाउस में ही ठहरे हुए हैं। ‘विद्रोही’ ने लिखा है कि झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में अजयनाथ शाहदेव की टीम को जिताने के लिए डीजीपी राजीव सिंह जोर लगा रहे हैं और उनके लिए वोट भी मांग रहे हैं। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े मतदाताओं को राजीव सिंह निजी तौर पर फोन भी कर रहे है। एक ओर जहां मणिपुर में अशांति का माहौल है। ऐसे में अपने राज्य को छोड़कर झारखंड में क्रिकेट की राजनीति में राजीव सिंह की दिलचस्पी सवालो के घेरे में है।