
रांची. अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी, झारखंड प्रदेश की ओर से 6 मई को रांची के पुराना विधानसभा मैदान में संविधान बचाओ महारैली की जायेगी। इस महारैली में कांग्रेस पार्टी के कई राष्ट्रीय और दिग्गज नेता शिरकत करेंगे। आज रांची में रैली की जानकारी देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो ने बताया कि संविधान बचाओ महारैली की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी और यह दोपहर तीन बजे तक चलेगी। महारैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य प्रभारी के राजू समेत राष्ट्रीय स्तर के कई नेता शिरकत करेंगे। महारैली के बाद रांची में ही कांग्रेस के प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक होगी, जिसमे मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे। केशव महतो ने कहा कि कांग्रेस के लिए वर्ष 2025 संगठन सृजन का वर्ष है।
रैली को लेकर बैठक: कांग्रेस की संविधान बचाओ महारैली को लेकर आज रांची में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में अहम् बैठक हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो और राज्य अभियान समन्वयक प्रदीप कुमार बलमुचू समेत सभी जिला नोडल इंचार्ज और सेन्ट्रल नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सदस्य शामिल हुए। बैठक में संविधान बचाओ रैली की तैयारियों की समीक्षा की गयी। बैठक में बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, प्रदीप तुलस्यान, सुल्तान अहमद खान, अजय दुबे, अशोक चौधरी, रमा खलखो, बन्ना गुप्ता, रामाश्रय प्रसाद, बलजीत सिंह बेदी, विनय सिंह दीपू, जयप्रकाश भाई पटेल, लाल किशन नाथ शाहदेव, डॉ० एम तौसीफ, सुरेन राम, सुंदरी तिर्की, अख्तर अली, जितेंद्र त्रिवेदी, सतीश पॉल मुंजनी एवं अन्य मौजूद रहे।