बीआईटी मेसरा के प्लैटिनम जुबली कार्यक्रम में शामिल हुई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कहा – जब भी झारखंड आती हूं, मुझे घर आने जैसा लगता है, बीआईटी का देश के विकास में अहम योगदान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कार्यक्रम में संबोधन के बाद संस्थान के 70 वर्षों के शैक्षणिक सफर पर आधारित विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

रांची. महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा के प्लैटिनम जुबली कार्यक्रम में शामिल हुई। संस्थान के जीपी बिरला सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि वे जब भी झारखंड आती है, उन्हें घर वापस आने जैसा ही महसूस होता है। उन्होंने कहा कि मै जब झारखंड की राज्यपाल थी, तब से बीआईटी के कार्य कलापो को जानती हूं। इसका देश के विकास में बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि आज तकनीक बदल रही है, एआई और एनीमेशन जैसी चीजों में तकनीक में बड़ा बदलाव लाया है। इससे अर्थव्यवस्था में भी बदलाव आया है, और बदलते तकनीक ने साइबर अपराध में भी नयी चुनौतियां खड़ी की है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ व्यापक जागरूकता ही इससे बचाव है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार उभरते परिदृश्य पर प्रतिक्रिया देने में सक्षम है और एआई को शिक्षा प्रणाली में एकीकृत करने का प्रयास किया गया है। प्रौद्योगिकी समाज में बहुत बड़ी उथल-पुथल पैदा करती है, इसलिए मेरा मानना है कि हमें हाशिए पर पड़े समूहों पर इसके प्रभाव के बारे में हमेशा चिंता करनी चाहिए। जो भी अवसर उत्पन्न किये जा रहे है, वह सभी के लिए उपलब्ध होने चाहिए।
राष्ट्रपति ने विज्ञान प्रदर्शनी का किया अवलोकन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कार्यक्रम में संबोधन के बाद संस्थान के 70 वर्षों के शैक्षणिक सफर पर आधारित विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में स्पेस एंड रॉकेट इंजीनियरिंग सहित विभिन्न विषयों पर संस्थान के द्वारा किए गए कार्यों का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया था। राष्ट्रपति ने कहा कि यह इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और संबद्ध क्षेत्रों में शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार में संस्थान के योगदान का जश्न मनाने और सम्मान करने का एक उपयुक्त अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बीआईटी मेसरा भारत में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के निरंतर विकास में समृद्ध योगदान देना जारी रखेगा।
राष्ट्रपति और राज्यपाल ने किया पौधारोपण
बीईआटी परिसर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल संतोष गंगवार ने पौधारोपण किया। महामहिम राष्ट्रपति ने रुद्राक्ष और राज्यपाल संतोष गंगवार ने पारिजात का पौधा लगाया।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने स्मृति चिन्ह देकर किया राष्ट्रपति को विदा
राज्यपाल संतोष गंगवार ने रांची एयरपोर्ट पर स्मृति चिन्ह देकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को विदाई दी। महामहिम राष्ट्रपति का झारखंड से लगाव किसी से छिपा नहीं है, उन्हें झारखंड की पारंपरिक सोहराय पेंटिंग देकर राज्यपाल ने विदाई दी। राज्यपाल ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति से राज्यवासियों में उत्साह का वातावरण बना रहा तथा प्रेरणा का संचार हुआ।