
नयी दिल्ली. दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी को निकलने वाली झांकियो में इस बार झारखंड के विश्व प्रसिद्द छऊ नृत्य को देखने का मौका मिलेगा। 34 साल बाद झारखंड के छऊ नृत्य को कर्तव्य पथ की झांकी में स्थान मिला है। इससे पहले 1992 में दिल्ली के राजपथ (अब कर्तव्य पथ) पर झारखंड के छऊ नृत्य की झांकी दिखाई गयी थी। अब 2025 के गणतंत्र दिवस की झांकियो में सरायकेला खरसांवा के प्रसिद्ध पारंपरिक छऊ नृत्य की झांकी निकाली जायेगी। इसके लिए 21 कलाकारों का दल दिल्ली पहुंच गया है। मुख्य झांकी से पूर्व कलाकारों ने कर्तव्य पथ पर रिहर्सल भी किया। झारखंड के छऊ नृत्य दल में गुरु तपन पटनायक के साथ साथ दिलदार अंसारी, कमल महतो, बसंत कुमार, सुदीप कुमार, सूरज हेम्ब्रम, भोलानाथ नंदा, राकेश गागराई, अनूप रविदास, अभिषेक मुंडा, गोमिया गागराई, अभिषेक सांडिल, सुरेश नाग, एंजेली केशरी, कल्पना रविदास, चांदनी हेम्ब्रम, भारती सांडिल, सुचित्रा सामंत, तनीषा सामंत, लिपिक बारा मुंडा, हीरामणि सोया समेत अन्य कलाकार शामिल है।
इस वर्ष कर्तव्य पथ पर दिखने वाली झारखंड की झांकी में स्वर्गीय रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के साथ ही झारखंड की समृद्ध संस्कृति, यहां का पारंपरिक नृत्य, शिक्षा के क्षेत्र में नारी शक्ति के बढ़ते कदम आदि को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2024 में दिल्ली के गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर तसर सिल्क पर आधारित झांकी प्रदर्शित की गई थी। आपको बता दे कि गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए झारखंड समेत 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों का चयन किया गया है।