
रांची. झारखंड समेत देश के किसी भी राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठ का कोई सबूत नहीं है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक आरटीआई के जवाब में ये माना कि झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों की संख्या या गतिविधियों की कोई जानकारी गृह मंत्रालय के पास नहीं है। झारखंड जनाधिकार महासभा के सदस्य सिराज दत्ता द्वारा आरटीआई करके केंद्र से यह जानकारी मांगी गयी थी कि झारखंड में कितने बांग्लादेशी घुसपैठिये है। सिराज ने 4 अक्टूबर को यह आरटीआई फाइल किया था। तब झारखंड में विधानसभा चुनाव हो रहे थे और भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार अपने विज्ञापनों और चुनाव प्रचार में बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा उठा रहे थे, वे इसके लिए राज्य की हेमंत सरकार को दोषी बता रहे थे। भाजपा राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठ से डेमोग्राफी में बदलाव का आरोप आज भी लगाती है।