
रांची. कल विजय दशमी है। इस मौके पर पूरे देश में बुराई के प्रतीक के रूप रावण का पुतला दहन किया जाएगा। रांची में भी रावण दहन की तैयारी पूरी कर ली गयी है। रांची के मोरहाबादी, अरगोड़ा और शालीमार मैदान में रावण दहन होगा। इसे देखते हुए मोरहाबादी, अरगोड़ा और धुर्वा रूट में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। मोरहाबादी की बात करे तो कांके रोड, करमटोली चौक से डीसी आवास की ओर से मोरहाबादी जाने वाली सड़क पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। अरगोड़ा चौक से कटहल मोड जाने वाले रूट पे भी सामान्य वाहनों का परिचालन दोपहर दो बजे के बाद पूरी तरह बंद रहेगा। इस रुट पे चापू टोली होते हुए वाहनों का परिचालन होगा।
मोरहाबादी में दिखेगी यूपी के कलाकारों द्वारा जीवंत झांकी
रांची के मोरहाबादी मैदान में विजयादशमी के मौके पर हर साल बड़े धूमधाम से रावण दहन किया जाता है। इस साल भी पंजाबी-हिंदू बिरादरी द्वारा रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है। इस बार रावण का पुतला 70 फीट ऊंचा होगा, जबकि कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले 65 और 60 फीट के होंगे। इन पुतलों को सजाने और खड़ा करने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। कार्यक्रम की शुरुआत शाम चार बजे होगी। इस बार उत्तर प्रदेश के कलाकारों द्वारा जीवंत झांकी भी निकाली जाएगी। इसके साथ ही, मुंबई और कोलकाता की टीम द्वारा आकाशीय आतिशबाजी की जाएगी, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगा। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक सीपी सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहेंगे।
अरगोड़ा मैदान में रावण के सिर पर दिखेगा चक्र
अरगोड़ा मैदान में इस बार रावण दहन का आयोजन बेहद विशेष होगा। श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति द्वारा इस आयोजन का प्रबंधन किया जा रहा है। इस बार रावण का पुतला 55 फीट ऊंचा होगा, और उसके सिर पर एक विशेष चक्र दिखाई देगा। इसके साथ ही, कुंभकर्ण का पुतला 50 फीट और मेघनाथ का 45 फीट ऊंचा होगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम चार बजे होगी। इस बार लंका दहन भी किया जाएगा, और पुरुलिया और बक्सर से लाई गई आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा, जो करीब दो घंटे तक चलेगी।
एचईसी में भी जलेगा बुराई का प्रतीक रावण
एचईसी शालीमार बाजार में भी विजयादशमी के मौके पर भव्य रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष रावण का पुतला 55 फीट ऊंचा होगा, जबकि कुंभकर्ण का पुतला 50 फीट का रहेगा। इस मैदान में भी आतिशबाजी का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय और बाहरी टीमों द्वारा आतिशबाजी की जाएगी। कार्यक्रम में झांकी भी निकाली जाएगी। इस आयोजन में समिति के विभिन्न पदाधिकारी और संरक्षक उपस्थित रहेंगे।
राजधानी में यहां भी होता है भव्य रावण दहन: रांची में तीन प्रमुख स्थलों के अलावा छह अन्य स्थानों पर भी रावण दहन का आयोजन प्रत्येक वर्ष होता है। इनमे सिदरौल, टाटीसिलवे, हुंडरू मैदान, मेसरा, महादेव टंगरा, झखराटांड़ शामिल है।