जेएमएम विधायक सुदिव्य सोनू बोले – झारखंड को बिहारियों का चारागाह नहीं बनने देंगे, बाहरियों को बोरा में भरकर वापस भेजने का समय आ गया है, विधायक के बयान पर तिलमिलाए लोजपा सांसद चिराग पासवान
बिहार के लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विधायक सुदिव्य सोनू के बयान की निंदा करते हुए उन्हें संविधान की याद दिलाई।

रांची. झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक सुदिव्य सोनू के बयान ने एक बार फिर बाहरी भीतरी की जुबानी जंग शुरू कर दी है। गिरिडीह में सभा को संबोधित करते हुए सुदिव्य ने कहा कि झारखंड को बिहारियों ने चारागाह बना दिया है। मगर अब चुनाव नजदीक आ गया है। झारखंड के आदिवासी मूलवासी और यहां रहने वाले युवा झारखंड को बिहारियों का चारागाह नहीं बनने देंगे। बाहरियों को बोरे में भरकर वहीं पार्सल करवा देंगे, जहां से वे आये है। सुदिव्य यही नहीं रुके, उन्होंने कहा कि झारखंड को आदिवासी मूलवासी ही चलाएंगे। सुदिव्य सोनू ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को 6 इंच छोटा किया था, अब विधानसभा चुनाव में आधा कर देंगे। जेएमएम विधायक ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही झारखंड में बाहरी नेताओं का जमावड़ा लग गया है।
पांच वर्षो तक हेमंत सोरेन ने झारखंड को झारखंडियों के लिए चलाया
सुदिव्य सोनू ने कहा कि जनता ने पांच साल तक हेमंत सोरेन को जिम्मेदारी दी। पांच वर्षो तक हेमंत सोरेन ने झारखंड को झारखंडियों के लिए चलाया तो बाहरियों को मिर्ची लगने लगी। हेमंत सोरेन को परेशान किया जाने लगा। सुदिव्य सोनू ने कहा कि आपको देखना है कि अगला पांच साल भी यह झारखंडियों के लिए बना रहेगा, या बिहारियों और बाहरियों का चारागाह बन जाएगा। युवा जिस उत्साह में है, उससे यही महसूस हो रहा है कि आगामी पांच साल भी झारखंड झारखंडियों से चलेगा, ना की बाहरियों से। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही बाहरी नेता झारखंड में कैंप करने लगे है, बाहरियों-बिहारियों को टिकट देने का खेल खेला जा रहा है और यहां के आदिवासी मूलवासियो को बेवकूफ बनाया जा रहा है। मगर अब झारखंडी इन बाहरियों से नहीं चलेगा।
चिराग पासवान और भारतीय जनता पार्टी ने विधायक के बयान की निंदा की
बिहार के लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विधायक सुदिव्य सोनू के बयान की निंदा करते हुए उन्हें संविधान की याद दिलाई। लोजपा सांसद ने कहा कि विधायक यह भूल गए है कि भारत का संविधान हमें देश में कहीं भी जाकर कार्य करने, चुनाव लड़ने की इजाजत देता है। विधायक बाहरी-भीतरी का जहर घोल रहे है। भाजपा ने भी सुदिव्य सोनू के बयान की निंदा करते हुए उन्हें मर्यादित भाषा के उपयोग की नसीहत दी है।