लगातार मूसलाधार बारिश बनी रांची के लिए आफत, निचले इलाके और सड़के जलमग्न, बाजार बंद, जानिये कबतक जारी रहेगी आफत की बारिश, मौसम विभाग की क्या है चेतावनी ?
मौसम विभाग की माने तो अभी आफत बनी बारिश नहीं रुकने वाली है। आज रात भी रांची एवं आसपास के जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतवानी दी गयी है।

रांची. बंगाल की खाडी में उठे निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण रांची समेत राज्य के कई जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। बारिश से सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। राजधानी के निचले इलाको से लेकर पौष इलाको तक पानी भर गया है। आलम ये है कि अब बारिश की वजह से बाजार पर बुरा असर पडने लगा है। लोग दुकाने बंद कर घरो में दुबके है। आफत की बारिश ने त्योहारों का मजा भी किरकिरा कर दिया है। मौसम विभाग की माने तो अभी आफत बनी बारिश नहीं रुकने वाली है। आज रात भी रांची एवं आसपास के जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतवानी दी गयी है।
पलामू, गढ़वा, लातेहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं लोहरदगा, गुमला, चतरा, सिमडेगा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगो से खुले मैदानों में जाने से बचने की अपील की है।
नदियां उफनाई, डैमो के फाटक खुले
भारी बारिश के कारण राज्य की कई नदियां उफान पर है। बरकार, दामोदर जैसी बड़ी नदियों ने रौद्र रूप ले लिया है। आलम ये है की डैमो के फाटक खोले जा रहे है। तेनुघाट डैम के छह रेडियल गेट खोल दिए गए है। मैथन और मसानजोर डैम के फाटक भी खोले गए है। मौसम विभाग ने लोगो से निचले इलाको को खाली कर सुरक्षित स्थानों में जाने की अपील की है।
अभी क्या है चक्रवात की स्थिति ?
वर्तमान में गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे झारखंड पर बना गहरा दबाव पिछले 6 घंटों के दौरान 12 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया और आज, 16 सितंबर 2024 को सुबह साढ़े 11 बजे तक बजे IST पर उसी क्षेत्र में अक्षांश 23.2 डिग्री उत्तर और देशांतर 86.4 डिग्री पूर्व के पास, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) से लगभग 10 किमी दक्षिण, बांकुरा (पश्चिम बंगाल) से 70 किमी पश्चिम-दक्षिणपश्चिम, जमशेदपुर (झारखंड) से 50 किमी उत्तर-उत्तरपूर्व और रांची (झारखंड) से 110 किमी पूर्व में केंद्रित था। इसके गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखने और अगले 12 घंटों के दौरान एक दबाव के रूप में कमजोर होने की संभावना है। इसके बाद, यह अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ में पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखेगा। 17 सितंबर को झारखंड में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गयी है।
बारिश की स्थिति : राज्य के बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़, रांची, साहेबगंज और सरायकेला जिले में अगले 24 घंटों में अपेक्षित वर्षा के कारण संवेदनशील इलाको में पूरी तरह से संतृप्त मिट्टी और निचले इलाकों में सतही अपवाह/जलमग्नता हो सकती है।