
रांची. राजधानी रांची में बीजेपी के आक्रोश रैली के दौरान जमकर उपद्रव देखने को मिला। एक तरफ जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की, तो वहीं पुलिस ने भी पत्थरबाजी कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओ को शांत करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए आज रांची के मोरहाबादी मैदान में युवा आक्रोश रैली का आयोजन किया था। बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए प्रशासन ने पहले से बैरिकेडिंग की थी। कंटीले तार तक लगाए गए थे।
बावजूद इसके उग्र कार्यकर्ताओ ने पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और पत्थरबाजी भी की। इसके जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया।
मोराहाबादी में रैली के बाद बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सीएम हाउस घेरने के लिए निकल रहे थे। प्रदर्शनकारियों को टीओपी के पास ही रोक दिया गया। वहीं कार्यकर्ता जोर जबरदस्ती करते हुए सीएम हाउस की ओर बढ़ने की कोशिश करते दिखे।
बीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए सीएम हाउस की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। सीएम हाउस के दोनों ओर के चौराहों पर बैरिकेडिंग थी। बड़ी संख्या में पुलिस वालों की तैनाती की गई थी।
बीजेपी का आरोप है कि 2019 विधानसभा चुनाव में बेरोजगारी भत्ते और नौकरियों को लेकर हेमंत सरकार ने जो वादा किया था, वो पूरा नहीं हुआ।