अगस्त में ‘आभार यात्रा’ करेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आज सीएम आवास में आम लोगो से मिले, समस्याओ का यथोचित एवं त्वरित समाधान का दिलाया भरोसा
लोकसभा चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति के बावजूद राज्य की पांचों अनुसूचित जनजातीय आरक्षित सीटों पर जनता ने भाजपा को हार और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जीत दिलाई।

रांची. तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद हेमंत सोरेन जनता से सीधा संवाद स्थापित करने में जुट गए है। मुख्यमंत्री आम लोगो से मिल रहे है और उनके समस्याओ का यथोचित एवं त्वरित समाधान कर रहे है। आज भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री आवास में आम लोगो से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। सीएम ने मौजूद अधिकारियों को त्वरित समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। खबर है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अगस्त में आभार यात्रा भी करेंगे। सीएम के आभार यात्रा की तिथि अबतक जारी नहीं की गयी है। सत्ताधारी जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के नेता भी इस आभार यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ जनता के बीच जाएंगे। सीएम आभार यात्रा के दौरान ना केवल जनता की समस्याओ का त्वरित समाधान करेंगे बल्कि कई सौगात भी देंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता विनोद पांडेय ने बताया कि जब विपक्ष की साजिश से केंद्रीय एजेंसियों ने दबाव में सीएम हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया था, तब राज्य की जनता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रिहाई के लिए दिन रात संघर्ष कर रही थी। मुख्यमंत्री जेल में थे, मगर जनता सड़को पर इंसाफ की लड़ाई लड़ रही थी। लोकसभा चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति के बावजूद राज्य की पांचों अनुसूचित जनजातीय आरक्षित सीटों पर जनता ने भाजपा को हार और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जीत दिलाई। यह विपक्ष की नैतिक हार है। जनता के इसी प्यार और समर्पण की भावना का ह्रदय से सम्मान करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सभी जिलों में आभार यात्रा करेंगे।
विपक्ष ने बताया चुनावी स्टंट
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आभार यात्रा को विपक्ष ने चुनावी स्टंट बताया है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड चुनावी दहलीज पर खड़ा है इसीलिए मुख्यमंत्री को जनता की याद आ रही है। उन्होंने बेरोजगारी और बढ़ते अपराध को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा और सरकार को मुद्दों के समाधान की दिशा में काम करने की नसीहत दी।