
रांची. 21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन के उलगुलान महारैली की कमान पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने संभाल ली है। महारैली को देखते हुए आज कल्पना सोरेन के आवास में इंडिया गठबंधन के नेताओ की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें कल्पना सोरेन के अलावा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक विनोद सिंह, जेएमएम महासचिव विनोद पांडेय, आरजेडी के प्रदेश महासचिव कैलाश यादव शामिल हुए। बैठक के दौरान आगामी महारैली के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी। बैठक में राष्ट्रीय नेताओ के आगमन, आयोजन स्थल में तैयारियों समेत अन्य विषयो पर गहन चर्चा की गयी। महारैली की पूरी कमान पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने संभाल ली है।
लोकतंत्र बचाओ महारैली की तर्ज पर रांची में होगी उलगुलान महारैली
बैठक में कल्पना सोरेन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 5 अप्रैल को आयोजित हुई लोकतंत्र बचाओ महारैली की तर्ज पर रांची के प्रभात तारा मैदान में उलगुलान महारैली करने का टास्क दिया। दिल्ली की तर्ज पर रांची में भी आयोजित होने वाली इस महारैली में राष्ट्रीय नेताओ को आमंत्रित किया जाएगा। नेताओ से कल्पना ने महारैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पूरी एकाग्रता से जुट जाने का आह्वान किया।